Movie prime

सम्पूर्ण समाधान दिवस में DM सख्त: बोले- जनसमस्याओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 5 किसानों को 25 लाख की सहायता

वाराणसी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 168 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 17 का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम सत्येंद्र कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना योजना के तहत 5 किसानों को 25 लाख रुपये की सहायता दी गई।

 
सम्पूर्ण समाधान दिवस
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को सदर तहसील सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश

समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, सड़क, नाली, चकरोड और पेंशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

168 शिकायतें प्राप्त, 17 का मौके पर निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 168 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें सर्वाधिक 102 मामले राजस्व विभाग से जुड़े थे। इसके अलावा पुलिस विभाग के 23, विकास विभाग के 26 और अन्य विभागों के मामले शामिल रहे। इनमें से 17 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को निर्धारित समय सीमा में निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना योजना के तहत 25 लाख की सहायता

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को प्रति लाभार्थी 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस सहायता से लाभार्थी परिवारों को बड़ी राहत मिली है। डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।