Movie prime

सपा पर भूलकर भी भरोसा मत करना’: काशी में बरसे सीएम योगी, PDA को बताया ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी
 

 
 सपा पर भूलकर भी भरोसा मत करना’: काशी में बरसे सीएम योगी, PDA को बताया ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। उन्होंने शिक्षकों और स्नातकों से भाजपा के दोनों अधिकृत प्रत्याशियों को विजयी बनाकर विधान परिषद भेजने की अपील की। सम्मेलन में शिक्षक, स्नातक, अधिवक्ता, चिकित्सक, छात्र और विभिन्न क्षेत्रों के लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों पर भरोसा नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल समाज को जोड़ने के बजाय बांटने की राजनीति करते हैं। योगी ने कहा कि भाजपा युवाओं और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
सपा पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने मगरमच्छ का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह मगरमच्छ नदी पार कराने का भरोसा देकर बीच धारा में धोखा दे सकता है, उसी तरह सपा के वादों से भी सावधान रहने की जरूरत है।

पीडीए को बताया ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’

मुख्यमंत्री ने राज्यसभा चुनाव में टिकट वितरण को लेकर भी समाजवादी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया, जबकि पीडीए की बात करने वाली सपा के टिकट वितरण में यह सोच दिखाई नहीं दी। उन्होंने सपा के पीडीए को ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ करार दिया।

रामगोपाल यादव को टिकट दिए जाने का जिक्र करते हुए योगी ने सवाल उठाया कि सपा ने काशी, गाजीपुर या बलिया के किसी यादव नेता को अवसर क्यों नहीं दिया। उन्होंने दलित और मुस्लिम समाज को प्रतिनिधित्व नहीं दिए जाने पर भी सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा ने दूसरी सीट का टिकट मुंबई के एक धनाढ्य व्यक्ति को दिया। टिकट के बदले धन लेने का आरोप लगाते हुए उन्होंने इसे ‘पराया धन अपना’ की राजनीति बताया।

विश्वविद्यालयों की स्थापना को बताया सरकार की उपलब्धि

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए शाहजहांपुर, कुशीनगर, बलरामपुर, मुरादाबाद, सहारनपुर और अलीगढ़ में विश्वविद्यालयों की स्थापना व निर्माण को सरकार की उपलब्धि बताया।

उन्होंने बलरामपुर में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय और मुरादाबाद में जगद्गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय का जिक्र किया। साथ ही लखनऊ में अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय तथा गोरखपुर में आयुष विश्वविद्यालय का उल्लेख करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में काम किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि पिछली सरकारें ऐसे प्रयास क्यों नहीं कर सकीं।

शिक्षकों को बताया समाज और राष्ट्र का निर्माता

शिक्षकों की भूमिका पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को सही और गलत का बोध कराते हैं तथा समाज को दिशा देते हैं। उनका योगदान केवल एक विद्यार्थी का भविष्य संवारने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।