Movie prime

मजदूरी कर पत्नी को पढ़ाया, आबकारी सिपाही बनाया… नौकरी मिलते ही बदले तेवर! पति को धमकी, केस दर्ज
 

 
 मजदूरी कर पत्नी को पढ़ाया, आबकारी सिपाही बनाया… नौकरी मिलते ही बदले तेवर! पति को धमकी, केस दर्ज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। पत्नी की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग कर उसे आबकारी विभाग में महिला सिपाही बनने में मदद करने वाले पति ने अब पत्नी और उसके परिजनों पर प्रताड़ना, अपमान और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पति की याचिका पर अदालत के निर्देश के बाद शिवपुर पुलिस ने पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में माता प्रसाद यादव ने बताया कि उनकी शादी मई 2011 में ममता यादव से हुई थी। उनका दावा है कि उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से पत्नी की पढ़ाई कराई। ममता ने बीए, एमए और बीएड की पढ़ाई की और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी पति ने सहयोग किया।

शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022 में ममता का प्रयागराज में आबकारी विभाग में महिला सिपाही के पद पर चयन हो गया। पति का आरोप है कि सरकारी नौकरी मिलने के बाद ममता के व्यवहार में बदलाव आया। वह कथित तौर पर उन्हें ‘मजदूर’ कहकर अपमानित करने लगीं और पद का रौब दिखाते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगीं।

माता प्रसाद ने आरोप लगाया कि जनवरी 2024 में ममता घर से 48 हजार रुपये और आभूषण लेकर चली गईं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें और परिवार के अन्य सदस्यों को जेल भिजवाने की धमकी दी गई।

पति के मुताबिक, उन्होंने इस संबंध में शिवपुर थाने में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर अदालत का रुख किया। याचिका पर सुनवाई के बाद एसीजेएम के निर्देश पर शिवपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।

शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा के अनुसार, ममता यादव, उनके पिता नखड़ू तथा आशीष और सतीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।