Movie prime

वाराणसी में मतदाता सूची सुधार पर निर्वाचन आयोग सख्त, युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान के निर्देश
 

 
वाराणसी में मतदाता सूची सुधार पर निर्वाचन आयोग सख्त, युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान के निर्देश
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने शनिवार को वाराणसी में निर्वाचन संबंधी तैयारियों और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। कमिशनरी सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मतदाता पंजीकरण, बूथों की व्यवस्था, महिला मतदाताओं की भागीदारी, मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण और कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष कैंप लगाने के निर्देश

निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और भर्ती रैलियों में विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों के माध्यम से नए मतदाताओं से फॉर्म-6 भरवाकर उनका पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए सिनेमा हॉलों में विज्ञापनों के माध्यम से भी जागरूकता संदेश प्रसारित करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक मतदान प्रक्रिया से जुड़ सकें।

महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर

समीक्षा के दौरान जनपद के मतदाता जेंडर रेशियो को अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर निर्वाचन आयुक्त ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

इसके लिए स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिलाओं का सहयोग लेने और उनके माध्यम से महिला मतदाताओं को जागरूक करने को कहा गया। निर्वाचन आयुक्त ने स्पष्ट किया कि महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रभावी और निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता न हों

मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयुक्त ने निर्देश दिया कि किसी भी बूथ पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक न हो। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित फॉर्म-8 के आवेदनों की नियमित निगरानी करने और आयोग की निर्धारित गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखने में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए उनके कार्यों की नियमित समीक्षा और निगरानी की जानी चाहिए।

मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

निर्वाचन आयुक्त ने चुनाव कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर और व्यावहारिक प्रशिक्षण से मतदान प्रक्रिया को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।

उन्होंने मतदान केंद्रों पर कार्मिकों के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, संवेदनशील बूथों के चिह्नांकन और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा की। साथ ही नए मतदाताओं के आवेदनों का अवलोकन किया और उपस्थित युवा एवं नवपंजीकृत मतदाताओं से संवाद कर उनके अनुभव जाने।

समीक्षा बैठक से पहले मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

कमिशनरी सभागार में आयोजित बैठक से पहले निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संपूर्णानंद, राजकीय क्वींस कॉलेज और मॉडल प्राइमरी स्कूल, कैंटोनमेंट स्थित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से पुनरीक्षण कार्यों की जानकारी ली तथा निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रस्तुत की तैयारियों की रिपोर्ट

समीक्षा बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपद की निर्वाचन संबंधी तैयारियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्रवार ईपी रेशियो, जेंडर रेशियो, मतदाता सूची पुनरीक्षण और अन्य निर्वाचन कार्यों की प्रगति से निर्वाचन आयुक्त को अवगत कराया।

बैठक के अंत में मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने आश्वासन दिया कि निर्वाचन आयोग से प्राप्त सभी निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन कराया जाएगा और निर्वाचन संबंधी कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।