वाराणसी में बिजली कटौती पर ऊर्जा मंत्री सख्त, अफसरों को हिदायत, बोले- अनावश्यक शटडाउन से बचें
वाराणसी। काशी में पेयजल, जलनिकासी, बिजली आपूर्ति और शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़े विकास कार्यों को लेकर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने नगर निगम, जलकल और ऊर्जा विभाग के अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और निर्माणाधीन कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि शहर में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना और जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी जरूरी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने और काम में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
हरियाली और सौंदर्यीकरण से संवरेगी काशी
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए मंत्री ने वृक्षारोपण, पार्कों के विकास और सड़कों के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने प्रमुख मार्गों, डिवाइडरों और सड़कों के किनारे आकर्षक पौधे और फूल लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पार्कों का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप शहर को स्वच्छ, सुंदर, हरित और व्यवस्थित बनाया जाए। इसके लिए नगर निगम के अधिकारी नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ सौंदर्यीकरण के कार्यों पर भी ध्यान दें।
बिजली कटौती और अनावश्यक शटडाउन पर लगाई रोक की हिदायत
ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था में अनावश्यक व्यवधान नहीं होना चाहिए और बार-बार शटडाउन लेने से बचा जाए।
मंत्री ने विद्युत आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, नए बिजली उपकेंद्रों के निर्माण, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और निर्माणाधीन परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने जर्जर बिजली के तारों और खंभों को बदलने के साथ विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
शिकायतों का समय से हो समाधान
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लें और शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें। खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समयसीमा में बदला जाए और नए बिजली कनेक्शन देने में अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्रों का भ्रमण कर बिजली व्यवस्था का जायजा लेने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा।
नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक में महापौर अशोक तिवारी, नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी सहित नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, ऊर्जा विभाग की बैठक में एमडी संदीप कुमार समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
