तीन गोलियां लगने के बाद भी नहीं हारी हिम्मत, आरक्षी अमित शुक्ला को पुलिस आयुक्त ने किया सम्मानित
वाराणसी। अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बहादुरी का परिचय देने वाले थाना लंका में तैनात आरक्षी अमित कुमार शुक्ला को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को सम्मानित किया। कैम्प कार्यालय में पुलिस आयुक्त ने उन्हें प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्य और कर्तव्य के प्रति समर्पण की सराहना की।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को लंका थाना क्षेत्र में अवैध असलहों की तस्करी की सूचना पर पुलिस टीम ने तस्करों की घेराबंदी की थी। इस दौरान आरक्षी अमित कुमार शुक्ला ने तस्करों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग में अमित कुमार शुक्ला को तीन गोलियां लगीं, जिसके बाद तस्कर मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद निभाया कर्तव्य
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद आरक्षी अमित कुमार शुक्ला ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए पुलिस टीम को लगातार महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराईं। उनके सहयोग से लंका पुलिस ने घटना के महज 10 घंटे के भीतर मुठभेड़ में असलहा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध असलहे और कारतूस बरामद किए। इसके साथ ही अवैध असलहा निर्माण की फैक्ट्री का भी खुलासा किया गया।
पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी बहादुरी
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अमित कुमार शुक्ला के साहस, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा को पुलिस बल के अन्य जवानों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने भविष्य में भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि विभाग साहसी एवं कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
