Movie prime

वाराणसी में फर्जी दरोगा गिरफ्तार: पुलिस की वर्दी पहनकर नौकरी दिलाने का झांसा, ऐसे खुली ठगी की पूरी कहानी
 

 
 वाराणसी में फर्जी दरोगा गिरफ्तार: पुलिस की वर्दी पहनकर नौकरी दिलाने का झांसा, ऐसे खुली ठगी की पूरी कहानी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने यूपी पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाने और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक कथित फर्जी दरोगा को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के बीच खुद को पुलिस अधिकारी बताकर प्रभाव जमाता था। आरोप है कि उसने एक युवक को यूपी पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे पैसों की मांग भी की थी।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता को आरोपी की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। फिलहाल उसे चोलापुर थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है।

बुधवार सुबह चोलापुर थाना क्षेत्र की मुर्दहा पुलिस चौकी के अंतर्गत आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान शिवपुर थाना क्षेत्र के इंदरपुर निवासी *22 वर्षीय राजन* के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी की वर्दी, हाव-भाव और बातचीत का तरीका बिल्कुल किसी असली पुलिस अधिकारी जैसा था। उसकी वर्दी भी इतनी वास्तविक दिख रही थी कि पहली नजर में उसे पहचान पाना आसान नहीं था।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर भी पुलिसिया अंदाज में रौब झाड़ने की कोशिश की, जिससे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी कुछ समय के लिए हैरान रह गए।

मामले में चोलापुर थाना प्रभारी सधुबन राम गौतम ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी कब से पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को गुमराह कर रहा था और नौकरी दिलाने के नाम पर कितने लोगों से ठगी की कोशिश की या उनसे रुपये वसूले।

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि आरोपी के संपर्क वाराणसी के अलावा लखनऊ तक बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस उसके नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों की गहन जांच में जुटी है। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।