फर्जी पुलिस ID, खाकी वर्दी और नियुक्ति पत्र...नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी
वाराणसी: वाराणसी कमिश्नरेट की चोलापुर पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को दरोगा बताने और लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजन प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से खाकी वर्दी, फर्जी पुलिस पहचान पत्र, फर्जी नियुक्ति पत्र, मोबाइल फोन समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।
खाकी पहनकर लोगों पर जमाता था रौब
पुलिस के मुताबिक आरोपी खुद को पुलिस का दरोगा बताकर लोगों के बीच अपना प्रभाव जमाता था। वह खाकी वर्दी पहनकर घूमता था और इसी का फायदा उठाकर बेरोजगार युवाओं को पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा देता था। इतना ही नहीं, कई बार पुलिस चेकिंग के नाम पर भी लोगों से अवैध वसूली करता था।
फर्जी आईडी, नियुक्ति पत्र और वर्दी बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से पुलिस की खाकी वर्दी, स्टार, बैज, बेल्ट, कैप, तीन फर्जी पुलिस पहचान पत्र, फर्जी नियुक्ति पत्र, दो मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कब से इस फर्जीवाड़े में शामिल था और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी इस गिरोह का हिस्सा है या नहीं।
नौकरी दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये ठगे
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सिंधौरा निवासी एक युवक को पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे एक लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस अब अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान करने और आरोपी के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
चोलापुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को ठगने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि आम नागरिकों को इस तरह की धोखाधड़ी से बचाया जा सके।
