काशी पहुंचे साउथ के फेमस एक्टर पोसानी कृष्णा मुरली, पत्नी संग रिक्शे पर घूमे बनारस की गलियां, खरीदी बनारसी साड़ी
वाराणसी। दक्षिण भारतीय सिनेमा के चर्चित अभिनेता, पटकथा लेखक और निर्देशक पोसानी कृष्णा मुरली इन दिनों काशी में हैं। वह अपनी पत्नी कुसुमा लता के साथ वाराणसी पहुंचे। काशी प्रवास के दौरान उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई और विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इससे पहले उन्होंने पत्नी के साथ रिक्शे पर बैठकर काशी की पुरानी गलियों की सैर की और स्थानीय बाजार में खरीदारी का आनंद लिया।
काशी की गलियों में घूमने के दौरान पोसानी कृष्णा मुरली ने अपनी पत्नी के लिए शहर की प्रसिद्ध बनारसी साड़ी खरीदी। उन्होंने साड़ी की बुनाई और इसकी खासियत के बारे में भी जानकारी ली। इसके बाद दोनों रिक्शे पर सवार होकर काशी की गलियों और बाजारों का नजारा देखते रहे। इस दौरान उन्होंने रिक्शा चालक को 300 रुपये किराया दिया।
बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी
काशी भ्रमण के बाद पोसानी कृष्णा मुरली पत्नी के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर पूजा-अर्चना की। काशी को लेकर अपने अनुभव साझा करते हुए अभिनेता ने कहा कि यह शहर उन्हें बेहद पसंद है।
उन्होंने बताया कि वह इससे पहले भी फिल्म के सिलसिले में वाराणसी आ चुके हैं, लेकिन इस बार उन्हें काशी काफी बदली हुई नजर आई। उनके मुताबिक, शहर में कई विकास कार्य हुए हैं और वाराणसी का वातावरण उन्हें काफी अच्छा लगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनका मन बार-बार काशी आने और यहां समय बिताने का करता है।
150 से ज्यादा फिल्मों के लिए लिखी पटकथा
पोसानी कृष्णा मुरली तेलुगु सिनेमा के बहुआयामी कलाकारों में शामिल हैं। उन्होंने अभिनेता के साथ-साथ पटकथा लेखक, निर्देशक और निर्माता के तौर पर भी काम किया है। वह 150 से अधिक तेलुगु फिल्मों के लिए पटकथा लेखन से जुड़े रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने कई फिल्मों का निर्देशन भी किया है।
फिल्मी दुनिया के साथ पोसानी कृष्णा मुरली राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं। वर्ष 2009 में उन्होंने आंध्र प्रदेश की चिलकलुरिपेट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।
काशी यात्रा के दौरान उनका पत्नी के साथ रिक्शे पर घूमना, बनारसी साड़ी की खरीदारी करना और बाबा विश्वनाथ के दर्शन करना शहर में चर्चा का विषय बना रहा।
