वाराणसी में जमीनी विवाद में किसान की हत्या, गोली मारने का भी आरोप
वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के बरजी गांव में पुरानी रंजिश के चलते 60 वर्षीय भोथू यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने गोली मारने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस और PAC तैनात की गई है।
वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के बरजी गांव में शनिवार को जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव निवासी 60 वर्षीय किसान भोतू यादव की हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने पहले मारपीट की, फिर गोली मार दी और लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
गांव के बाहर पंपिंग सेट पर हुआ हमला
जानकारी के अनुसार बरजी गांव निवासी भोतू यादव शनिवार शाम गांव के बाहर स्थित अपने पंपिंग सेट पर मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।
परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने पहले मारपीट की और फिर भोतू यादव के बाएं पैर में गोली मार दी। इसके बाद लोहे की रॉड से भी कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पतालों में चला इलाज, ट्रॉमा सेंटर में तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायल भोतू यादव को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा पहुंचाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जमीन विवाद और पुरानी रंजिश की आशंका
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक वारदात के पीछे जमीन विवाद और पुरानी रंजिश प्रमुख कारण हो सकती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ समय पहले गांव में एक बारात के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। तभी से दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।
14 मई की मारपीट के बाद बढ़ा था विवाद
ग्रामीणों के अनुसार 14 मई को अनीश यादव और उसके परिवार के लोगों ने भोतू यादव के बेटे ललित मोहन यादव के साथ मारपीट की थी। इस विवाद को सुलझाने के लिए 30 मई को गांव में बिरादरी की पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें लगभग 100 से 150 लोग शामिल हुए थे। हालांकि पंचायत में भी मामला नहीं सुलझ पाया।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई और कथित तौर पर कहा गया कि "जो जहां मिलेगा, उसे वहीं मारा जाएगा।" इसके बाद पंचायत भी समाप्त हो गई थी।
बेटे का आरोप- बुलाकर ले गए और गोली मार दी
मृतक के बेटे ललित मोहन यादव का आरोप है कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे अनीश यादव उनके पिता को बुलाकर अपने साथ ले गया था। ललित के मुताबिक वहां पहले से मौजूद लोगों ने उनके पिता पर हमला किया और गोली मार दी। इसके बाद उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। जब तक परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक भोतू यादव गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
चार लोगों पर नामजद आरोप
ललित मोहन यादव ने पुलिस को तहरीर देकर अनीश यादव, धर्मराज यादव समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र सिंह रात में फूलपुर थाने पहुंचे और जांच की निगरानी की।
गोली चलने की पुष्टि नहीं, पुलिस कर रही जांच
फूलपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
थाना प्रभारी के अनुसार प्रथम दृष्टया गोली चलने की सूचना की पुष्टि नहीं हुई है। सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में पुलिस तैनात
हत्या की घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी सतर्क रखा गया है। पुलिस के अनुसार जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
