Movie prime

वाराणसी में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 27.30 लाख वोटर दर्ज; 4 लाख से अधिक नाम हटे
 

 
 वाराणसी में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 27.30 लाख वोटर दर्ज; 4 लाख से अधिक नाम हटे
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत गुरुवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। जारी आंकड़ों के अनुसार अब वाराणसी में कुल 27.30 लाख मतदाता पंजीकृत हैं। इस प्रक्रिया में 4 लाख से अधिक मृत, स्थानांतरित और डुप्लिकेट मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं।

निर्वाचन विभाग ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध करा दी हैं। साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को भी सूची सौंपी गई है, ताकि आमजन आसानी से अपना नाम जांच सकें। जिन लोगों का नाम सूची में नहीं है, वे फार्म-6 के माध्यम से आवेदन कर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया 6 जनवरी से शुरू हुई थी, जब प्रारूप सूची प्रकाशित की गई थी। इसके बाद प्राप्त दावे और आपत्तियों का गहन परीक्षण और सत्यापन किया गया। सभी प्रक्रियाओं को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरा करने के बाद अंतिम सूची जारी की गई है।

उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण अभियान से पहले जनपद में कुल 31 लाख 53 हजार मतदाता थे, जो अब घटकर 27 लाख 30 हजार रह गए हैं। अधिकारियों के अनुसार यह कमी मुख्य रूप से मृत, स्थानांतरित और डुप्लिकेट नामों को हटाने के कारण हुई है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र या संबंधित बीएलओ से संपर्क कर अपने नाम की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि आगामी चुनावों में किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।