Movie prime

वाराणसी में आज जारी होगा 250 रुपये का स्मारक सिक्का, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करेंगी विमोचन
 

 
 वाराणसी में आज जारी होगा 250 रुपये का स्मारक सिक्का, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करेंगी विमोचन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। कर्नाटक शास्त्रीय संगीत के महान संगीतकार श्री मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को वाराणसी में 250 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के स्वतंत्रता भवन में आयोजित समारोह में इस सिक्के का विमोचन करेंगी। यह आयोजन भारतीय शास्त्रीय संगीत और सांस्कृतिक विरासत में दीक्षितर के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

आईआईटी बीएचयू के भारतीय ज्ञान परंपरा उत्कृष्टता केंद्र (आईकेएस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) की ओर से स्वतंत्रता भवन में 'अमरा गुरुगुहा: श्री मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250 वर्ष की स्मृति में' शीर्षक से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। समारोह में दीक्षितर के जीवन, उनकी संगीत साधना और भारतीय संस्कृति में उनके योगदान को याद किया जाएगा।

बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय के पूर्व प्रमुख प्रो. राजेश शाह के अनुसार, मुत्तुस्वामी दीक्षितर का काशी से गहरा जुड़ाव रहा है। वर्ष 1775 में जन्मे दीक्षितर भारतीय शास्त्रीय संगीत की कर्नाटक शैली के प्रमुख संगीतकारों में गिने जाते हैं। उन्हें त्यागराज और श्यामा शास्त्री के साथ कर्नाटक संगीत की महान त्रिमूर्ति का सदस्य माना जाता है।

काशी से रहा विशेष जुड़ाव, रचनाओं में दिखती है भारतीय संस्कृति की झलक

मुत्तुस्वामी दीक्षितर एक प्रसिद्ध संगीतकार, गायक और वीणा वादक थे। उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से कर्नाटक संगीत को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं। उनकी संगीत रचनाओं में विभिन्न रागों का विस्तार, मंदिरों और देवी-देवताओं का वर्णन तथा भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की झलक मिलती है।

उनकी अनेक रचनाओं में प्रयुक्त 'गुरुगुहा' शब्द उनकी विशिष्ट संगीत पहचान माना जाता है। आज भी उनकी रचनाएं कर्नाटक संगीत की महत्वपूर्ण धरोहर हैं और भारतीय संगीत, साहित्य तथा आध्यात्मिक परंपराओं के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करती हैं।

35 ग्राम वजनी होगा स्मारक सिक्का, 50 प्रतिशत चांदी का होगा इस्तेमाल

बीकानेर के मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत के अनुसार, मुत्तुस्वामी दीक्षितर की स्मृति में जारी किया जाने वाला 250 रुपये का सिक्का भारत सरकार की मुंबई टकसाल में तैयार किया गया है। इसका कुल वजन 35 ग्राम और व्यास 44 मिलीमीटर होगा।

सिक्के में 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकल और 5 प्रतिशत जस्ता शामिल होगा। सिक्के के एक तरफ अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 250 रुपये का मूल्य अंकित होगा, जबकि दूसरी तरफ मुत्तुस्वामी दीक्षितर का चित्र तथा उनकी 250वीं जयंती का उल्लेख होगा। केंद्र सरकार ने इस संबंध में 30 अक्टूबर 2026 को अधिसूचना जारी की थी।

यह विशेष स्मारक सिक्का सामान्य प्रचलन के लिए जारी नहीं किया जाएगा। वित्त मंत्री द्वारा औपचारिक विमोचन के बाद सिक्का संग्रह करने के इच्छुक लोग इसे भारत सरकार की टकसाल की आधिकारिक वेबसाइट से उपलब्धता के अनुसार खरीद सकेंगे।

मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती पर जारी किया जाने वाला यह सिक्का उनकी संगीत साधना और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को समर्पित होगा। उनकी रचनाएं आज भी देश-विदेश के संगीत कलाकारों और संगीत प्रेमियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई हैं।