Movie prime

वाराणसी में चीनी मांझा बेचने, खरीदने और उड़ाने वालों पर होगी FIR, पुलिस आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी में प्रतिबंधित चीनी मांझे के इस्तेमाल पर अब पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। चीनी मांझा बेचने, खरीदने या उससे पतंग उड़ाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को शिविर कार्यालय में राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए। बैठक में महिला सुरक्षा अभियान 6.0, वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव-2026 और नमो घाट पर होने वाले हवाई करतब की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

चीनी मांझे के खिलाफ चलेगा अभियान

पुलिस आयुक्त ने प्रतिबंधित चीनी मांझे के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ अभियान चलाकर बेचने, खरीदने और इस्तेमाल करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस का जोर प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने पर रहेगा।

नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

नवरात्रि के दौरान मंदिरों, पूजा पंडालों, मेलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। इन स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही महिला चौपाल, जागरूकता कार्यक्रम और जनसंवाद के माध्यम से महिलाओं एवं बेटियों को सुरक्षा हेल्पलाइन, शक्ति केंद्रों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। बाल विवाह और दूसरी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

विधान परिषद चुनाव के लिए 21 मतदान केंद्र और 102 मतदान स्थल

बैठक में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव-2026 की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। चुनाव के लिए 21 मतदान केंद्र और 102 मतदान स्थल चिह्नित किए गए हैं। पुलिस आयुक्त ने क्षेत्रवार पुलिस बल की तैनाती, उड़न दस्तों और निगरानी दलों की सक्रियता की समीक्षा की। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और गहन जांच करने के निर्देश दिए, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

नमो घाट पर हवाई करतब के लिए सुरक्षा और यातायात की तैयारी

वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले हवाई करतब और अतिविशिष्ट व्यक्तियों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने रास्तों, वाहनों की पार्किंग, ठहराव स्थलों और घेराबंदी से जुड़े सभी कार्य समय से पूरे करने को कहा।

घाटों पर आने-जाने के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए जाएंगे। सुरक्षा के लिए दोहरी घेराबंदी, निगरानी मीनारों, सीसीटीवी कैमरों और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की व्यवस्था की जाएगी। लोगों की सहायता के लिए खोया-पाया केंद्र भी बनाया जाएगा।

यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पहली, दूसरी और तीसरी वैकल्पिक योजना तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार बड़े वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा और यातायात को चक्रीय मार्गों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। आपात स्थिति में अस्पतालों तक पहुंचने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने के साथ जल पुलिस और आपदा मोचन बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी गौरव बंसवाल, डीसीपी वरुणा राजेश पांडेय, डीसीपी गोमती नीतू, डीसीपी मुख्यालय एवं अपराध विनीत भटनागर समेत अन्य राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे।