Movie prime

BHU IMS में गोदाम में लगी आग, क्लास के दौरान मचा हड़कंप, शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा
 

 
BHU IMS में गोदाम में लगी आग, क्लास के दौरान मचा हड़कंप, शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (IMS) परिसर में शनिवार को सुबह गोदाम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग बिजली के तार में हुए शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, जिसने कुछ ही समय में तेज रूप ले लिया।

आग जिस स्थान पर लगी, उसके पास ही छात्रों की कक्षाएं चल रही थीं। धुआं और लपटें उठती देख तत्काल एहतियात बरतते हुए सभी छात्रों को कक्षाओं से बाहर निकाल लिया गया। इससे किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, गोदाम में रंग-रोगन से जुड़ी ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। इसके अलावा वहां दो से तीन गैस सिलेंडर भी मौजूद थे, जिससे आग के और ज्यादा फैलने का खतरा बना रहा।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम करीब 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को नियंत्रित करने में सफलता मिली।

इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी तत्परता दिखाते हुए पूरे प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करवा दी, जिससे राहत और बचाव कार्य में सुविधा हुई।

आईएमएस के डायरेक्टर भी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों के साथ मिलकर गोदाम में रखे सामान को बाहर निकलवाने का काम कराया। उन्होंने बताया कि आग डिपार्टमेंट ऑफ सिद्धांत दर्शन के पीछे स्थित गोदाम में लगी थी।

प्रशासन के अनुसार, इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि गोदाम में रखा काफी सामान आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया।

फायर ब्रिगेड और बीएचयू के सुरक्षाकर्मियों की संयुक्त कार्रवाई से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।