Movie prime

पहले खुद को पत्नी बताया, फिर कबूला कत्ल... वाराणसी में समलैंगिक साथी की चाकू मारकर हत्या
 

 
 पहले खुद को पत्नी बताया, फिर कबूला कत्ल... वाराणसी में समलैंगिक साथी की चाकू मारकर हत्या
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा स्थित वीडीए कॉलोनी में मंगलवार तड़के एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के साथ रह रहे उसके साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच शराब के नशे में हुए विवाद के बाद यह घटना हुई।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दीपांशु राय (26) के रूप में हुई है। वहीं आरोपी कुश पांडेय, सोनारपुरा का निवासी है। दोनों पिछले करीब एक वर्ष से साथ रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी स्वयं को महिला की तरह प्रस्तुत करता था और महिला परिधान पहनकर रहता था।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात दोनों ने शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर कुश ने रसोई में सब्जी काटने वाले चाकू से दीपांशु के पेट और सीने के नीचे कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने पहले 108 एंबुलेंस पर फोन कर सूचना दी। एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन बाद में लौट गई। इसके बाद उसने 112 पुलिस हेल्पलाइन पर कॉल किया। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी ने पहले खुद को मृतक की पत्नी बताते हुए चाकू मारने से इनकार किया और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। हालांकि, सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी घटना स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने घायल दीपांशु का खून रोकने के लिए हल्दी लगाने का भी प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

भेलूपुर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।