चोलापुर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचला, पांच लोग घायल
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत चमरहां (हनुमानगंज) बाजार में रविवार शाम एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने भीषण हादसा कर दिया। वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर आजमगढ़ की ओर जा रहे ट्रक ने सड़क किनारे मछली बेच रहे युवक और वहां मौजूद ग्राहक को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद ट्रक करीब 40 फीट दूर स्थित खली-चुन्नी की दुकान में जा घुसा।
हादसे में मछली विक्रेता विकास सोनकर (26) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद बाजार में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
मृतक विकास सोनकर गोपपुर निवासी राजकुमार का पुत्र था। वहीं मछली खरीदने पहुंचे गोपपुर निवासी शिवम (15) गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक की चपेट में आने से खली-चुन्नी दुकान के संचालक सतीश जायसवाल (60), कर्मचारी सोती हरिजन (53) निवासी गोपपुर और पल्लेदार चिल्लू यादव निवासी गोसाईपुर मोहांव भी घायल हो गए।
सूचना मिलने पर चंदापुर चौकी प्रभारी अविनाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया, जबकि कुछ घायलों को उनके परिजन निजी अस्पताल ले गए।
शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
विकास की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने उसका शव वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया।
जाम की सूचना पर एसडीएम सदर नितिन सिंह और एसीपी विनय कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझाने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी हुई थी।
एक साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
विकास अपने परिवार का सहारा था। उसकी एक वर्ष की बेटी है। हादसे में उसकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी मोनी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। विकास तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। घटना के बाद गोपपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
