Movie prime

4 मार्च को श्री काशी विश्वनाथ धाम में पुष्प होली, सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम
 

 
 4 मार्च को श्री काशी विश्वनाथ धाम में पुष्प होली, सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। आगामी 4 मार्च 2026 को मनाए जाने वाले होली पर्व के सफल आयोजन को लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित सभागार (बोर्ड रूम) में शुक्रवार को महत्वपूर्ण समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस विभाग, सीआरपीएफ, धाम में कार्यरत प्राइवेट सफाई एजेंसी, प्राइवेट सुरक्षा एजेंसी तथा मंदिर प्रशासन के अधिकारी और अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि होली के दिन धाम स्थित शंकराचार्य चौक में प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए “पुष्प होली” का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को आध्यात्मिक और पारंपरिक स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया।

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष तैयारी

होली के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया कि श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और भक्तिमय वातावरण में पर्व का अनुभव मिल सके।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगा धाम परिसर

होली की गरिमा को ध्यान में रखते हुए कलाकारों द्वारा विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में भजन, पारंपरिक होली गीत तथा अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी। उद्देश्य यह है कि श्रद्धालु आध्यात्मिक वातावरण में उत्सव का आनंद उठा सकें।

सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद

धाम परिसर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। सीआरपीएफ और प्राइवेट सुरक्षा एजेंसियों के माध्यम से प्रवेश और निकास द्वारों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से लगातार मॉनिटरिंग की व्यवस्था रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

केमिकल रंगों पर रहेगा प्रतिबंध

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धाम में केमिकल युक्त रंग, अबीर या किसी भी प्रकार के हानिकारक पदार्थ लेकर न आएं। धाम की पवित्रता और संरचना की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल पुष्प होली के माध्यम से ही उत्सव मनाने का आग्रह किया गया है। प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपेक्षा की है, ताकि होली पर्व सौहार्दपूर्ण, सुरक्षित और गरिमामय वातावरण में संपन्न हो सके।