Movie prime

महेशपुर में बनेगा फुट ओवरब्रिज, बाइक सवार भी कर सकेंगे सड़क पार
 

 
 महेशपुर में बनेगा फुट ओवरब्रिज, बाइक सवार भी कर सकेंगे सड़क पार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। मंडुवाडीह क्षेत्र के महेशपुर में जल्द ही फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। बृहस्पतिवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक्सईएन केके सिंह और सहायक अभियंता आयुषी सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने महेशपुर पहुंचकर प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।

एक्सईएन केके सिंह ने बताया कि महेशपुर में सिक्स लेन सड़क के दोनों छोर को फुट ओवरब्रिज के जरिए जोड़ने की योजना को स्वीकृति मिल गई है। फुट ओवरब्रिज को इस तरह डिजाइन करने की तैयारी है कि बाइक सवार भी अपने दोपहिया वाहनों के साथ इसके जरिए सड़क के आर-पार आवागमन कर सकें।

फुट ओवरब्रिज के निर्माण के लिए स्थान का चयन अभी किया जा रहा है। विभागीय टीम ने संभावित स्थलों का निरीक्षण किया है और जल्द ही निर्माण स्थल को अंतिम रूप दिया जाएगा।

सिक्स लेन सड़क बनने के बाद महेशपुर में सड़क के दोनों ओर रहने वाली करीब 25 हजार की आबादी को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों को सड़क पार करने के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी का चक्कर लगाना पड़ता है। इससे रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है।

जनता की इस समस्या को देखते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने प्रमुख सचिव से महेशपुर में फुट ओवरब्रिज बनाने की मांग की थी। अब योजना को स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रवासियों को जल्द ही आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।