Movie prime

गणतंत्र दिवस पर काशी रचेगी इतिहास : पहली बार होगी ऑल वुमेन पुलिस परेड, 400 महिला पुलिसकर्मी होंगी शामिल

 
Nitu Kadyan
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
वाराणसी। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर काशी महिला सशक्तिकरण की एक नई मिसाल कायम करने जा रही है। पहली बार उत्तर प्रदेश में ऑल वुमेन पुलिस परेड का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें परेड की कमान से लेकर हर दस्ता पूरी तरह महिला पुलिसकर्मियों के हाथों में होगा।

एडीसीपी नीतू कादयान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस ऐतिहासिक परेड में कुल 400 महिला पुलिसकर्मी हिस्सा लेंगी। परेड की सबसे खास बात यह है कि इसमें शामिल सभी दस्ते-घुड़सवार दस्ता, स्कूटी दस्ता, 112 डायल सेवा, कमांडो दस्ता और फायर डिस्ट्रीब्यूशन यूनिट पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित होंगे।

उन्होंने बताया कि इस परेड का नेतृत्व प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी मानसी सिंह करेंगी। परेड में रिक्रूट महिला कांस्टेबल, थानों में तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर, ट्रैफिक पुलिसकर्मी और विशेष महिला कमांडो दस्ता शामिल होगा, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा।

एडीसीपी नीतू कादयान ने कहा कि अब तक गणतंत्र दिवस परेड में केवल एक महिला टुकड़ी शामिल होती थी, लेकिन काशी में पहली बार संपूर्ण परेड महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी। इसमें शामिल सभी महिला पुलिसकर्मी या तो वाराणसी में तैनात हैं या यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को मजबूती देना है और समाज में महिलाओं को केवल सुरक्षा की जरूरत वाली नहीं, बल्कि सुरक्षा देने वाली सक्षम प्रहरी के रूप में स्थापित करना है। यह आयोजन महिलाओं के प्रति समाज में व्याप्त हीन भावना को बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

एडीसीपी नीतू कादयान ने कहा कि यह पहल पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में की जा रही है, ताकि सामाजिक स्तर पर मन, क्रम और वचन से सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। उन्होंने कहा,
“इस परेड के माध्यम से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि महिलाएं केवल संरक्षण की पात्र नहीं हैं, बल्कि समाज और देश की सुरक्षा करने में पूरी तरह सक्षम हैं। काशी में पहली बार आयोजित ऑल वुमेन पुलिस परेड महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।”