Movie prime

काशी में मोक्ष की तलाश में आए विदेशी नागरिक का निधन, हिंदू रीति से हुआ अंतिम संस्कार; पत्नी ने लाइव देखी अंतिम यात्रा
 

 
 काशी में मोक्ष की तलाश में आए विदेशी नागरिक का निधन, हिंदू रीति से हुआ अंतिम संस्कार; पत्नी ने लाइव देखी अंतिम यात्रा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर बीमार हालत में मिले कनाडा निवासी तारस तनासोव (55 वर्ष) का हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कर दिया गया। यह भावुक घटना उस समय और मार्मिक हो गई जब उनकी पत्नी एलन ने कनाडा से ही पति की अंतिम यात्रा को लाइव देखा और नम आंखों से विदाई दी।

जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल को मणिकर्णिका घाट पर तारस तनासोव गंदगी में बीमार अवस्था में पड़े मिले थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर समाजसेवी अमन कबीर मौके पर पहुंचे और उन्हें नहलाकर साफ-सफाई के बाद कबीरचौरा अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान 15 अप्रैल को उनकी मृत्यु हो गई।

अमन कबीर ट्रस्ट के अमन यादव ने बताया कि मृतक के पास से दो पासपोर्ट मिले—एक कनाडा और दूसरा रिपब्लिक ऑफ माल्डोवा का। जांच में पता चला कि तारस मूल रूप से माल्डोवा के निवासी थे और उनकी पत्नी कनाडा में रहती हैं।

एलआईयू और प्रशासन ने जब कनाडा में उनकी पत्नी एलन से संपर्क किया, तो पता चला कि तारस पिछले सात महीनों से काशी में रह रहे थे। वह पारिवारिक विवाद के चलते मोक्ष की तलाश में भारत आए थे। शुरुआत में उन्होंने किराए के कमरे में रहना शुरू किया, लेकिन बाद में घाट किनारे रहने लगे और इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई।

मृत्यु के बाद पत्नी भारत नहीं आ सकीं। उन्होंने कनाडा एम्बेसी के माध्यम से अमन कबीर को अंतिम संस्कार की अनुमति दी। इसके बाद 21 अप्रैल को पोस्टमार्टम के उपरांत मणिकर्णिका घाट पर पूरे हिंदू रीति-रिवाज से उनका दाह संस्कार किया गया।

मंगलवार शाम को कबीरचौरा अस्पताल से शव यात्रा निकाली गई, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ कई विदेशी नागरिक भी शामिल हुए। घाट पर पहुंचकर सभी ने नम आंखों से तारस को अंतिम प्रणाम किया। वहीं, दूर बैठे पत्नी एलन ने इस पूरे दृश्य को लाइव देखा और भावुक होकर पति को अंतिम विदाई दी।