गंगा से कावेरी तक एक है संस्कारों की धारा, CM योगी ने काशी तमिल संगमम को बताया उत्तर-दक्षिण का सेतु
वाराणसी। नमो घाट पर शनिवार को काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगा और कावेरी का उदाहरण देकर काशी और तमिलनाडु का रिश्ता समझाया। उन्होंने कहा कि दोनों नदियों के तटों पर अलग-अलग भाषाएं बोली जाती हैं, लेकिन वहां के लोगों को जोड़ने वाले संस्कार एक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र को पहचान उन रिश्तों से मिलती है, जो एक हृदय को दूसरे हृदय से जोड़ते हैं। काशी तमिल संगमम को उन्होंने ऐसा ही सांस्कृतिक सेतु बताया।
योगी ने कहा कि वर्ष 2022 में शुरू हुए इस आयोजन ने अब एक आंदोलन का रूप ले लिया है। शुरुआती वर्षों में सैकड़ों अतिथि आते थे। आज हजारों विद्यार्थी, शिक्षक और शोधकर्ता इससे जुड़ रहे हैं। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प से जोड़ा।
यूपी के विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल पढ़ाएंगे तमिलनाडु के शिक्षक
इस बार संगमम की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम’ है, जिसका अर्थ है ‘तिरुक्कुरल का अभ्यास करें’। वाराणसी में यह आयोजन 12 दिसंबर तक चलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिल संत-कवि तिरुवल्लुवर की रचना ‘तिरुक्कुरल’ की शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक हैं। इसके तीन खंड ‘अरम’, ‘पोरुल’ और ‘इनबम’ क्रमशः धर्म, अर्थ और काम की अवधारणाओं को समझाते हैं। उन्होंने बताया कि छात्र सहभागिता कार्यक्रम से एक हजार उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़ा जा रहा है। तमिलनाडु से करीब 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के विद्यालयों और महाविद्यालयों में तिरुक्कुरल पढ़ाएंगे। आयोजन के दौरान लगभग 1,400 अतिथि काशी के साथ प्रयागराज और अयोध्या भी जाएंगे।
तेनकाशी के विश्वनाथ मंदिर से काशी के केदार घाट तक पुराना नाता
मुख्यमंत्री ने दोनों क्षेत्रों के ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि तमिलनाडु के तेनकाशी को ‘दक्षिण की काशी’ कहा जाता है। वहां राजा पराक्रम पांड्य ने काशी विश्वनाथ मंदिर का निर्माण कराया था। वाराणसी में अगस्त्य कुंड से महर्षि अगस्त्य की तपस्या की स्मृति जुड़ी है। तमिल संत कुमारगुरुपर ने काशी के केदार घाट पर साधना की और कुमारस्वामी मठ की स्थापना की। महाकवि सुब्रमण्य भारती ने भी काशी में रहकर शिक्षा प्राप्त की।
योगी ने कहा कि यह रिश्ता आज भी बाबा विश्वनाथ की पूजा में दिखाई देता है। तमिलनाडु का चेट्टियार समाज करीब दो सौ वर्षों से बाबा के लिए पूजन सामग्री पहुंचाने की परंपरा निभा रहा है। उन्होंने नए संसद भवन में स्थापित सेंगोल का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, तमिल अधीनम के संतों के मार्गदर्शन में सत्ता हस्तांतरण के प्रतीक सेंगोल की स्थापना भारतीय लोकतंत्र में तमिल विरासत के महत्व को दर्शाती है।
विश्वनाथ धाम से जुड़ी गाइड, दुकानदारों और होटल कर्मचारियों की आजीविका
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी में आस्था के साथ श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का भी विस्तार हुआ है। उनके मुताबिक, काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद चार वर्षों में 26 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। उन्होंने बताया कि इनमें करीब 70 प्रतिशत श्रद्धालु दक्षिण भारत से आए थे।
योगी के अनुसार, श्रद्धालुओं की आवाजाही से स्थानीय अर्थव्यवस्था में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि इसका असर मंदिर परिसर से आगे तक है। पूजा कराने वाले पुजारियों, दुकानदारों, गाइड, होटल संचालकों और कर्मचारियों के परिवारों की आजीविका इससे जुड़ी है।
काशी के विकास के लिए चार प्राथमिकताएं गिनाईं
मुख्यमंत्री ने ज्ञान, अध्यात्म, संपर्क सुविधाओं और अर्थव्यवस्था को काशी के विकास के चार स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय और आईआईटी मद्रास की साझेदारी से शिक्षा, शोध और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिल रहा है। वहीं, काशी, प्रयागराज और अयोध्या को जोड़ने वाला यात्रा मार्ग आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख परिपथ के रूप में उभर रहा है।
योगी ने कहा कि सड़क, रेल, हवाई और जलमार्ग के साथ रोपवे के जरिए भी काशी में आवागमन बेहतर बनाने पर काम हो रहा है। उन्होंने देश की पहली शहरी रोपवे परियोजना और दो एलिवेटेड कॉरिडोर को मिली मंजूरी का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, काशी की विरासत पर आधारित पर्यटन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और परिवहन सुविधाओं के विस्तार के जरिए शहर को आर्थिक गतिविधियों का वैश्विक केंद्र बनाने का लक्ष्य है।
