Movie prime

तरना फ्लाईओवर के नीचे बनेगा गेमिंग और वेंडिंग जोन, रोजगार के साथ मिलेगा मनोरंजन
 

 
 तरना फ्लाईओवर के नीचे बनेगा गेमिंग और वेंडिंग जोन, रोजगार के साथ मिलेगा मनोरंजन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I सरकार ने शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए फ्लाईओवर के नीचे के अनुपयोगी स्थानों को उपयोगी और आकर्षक बनाने की योजना तैयार की है। एयरपोर्ट रोड स्थित तरना क्षेत्र में फ्लाईओवर के नीचे आधुनिक गेमिंग और वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा। इस पहल से जहां शहरवासियों को नई मनोरंजन सुविधाएं मिलेंगी, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी के अनुसार, प्रस्तावित गेमिंग जोन में इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, पिकल बॉल और स्केटिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे युवाओं और बच्चों को सुरक्षित व व्यवस्थित माहौल में खेलकूद का अवसर मिलेगा।

इसके साथ ही यहां एक वेंडिंग जोन भी बनाया जाएगा, जहां स्थानीय विक्रेताओं को अपनी दुकानें लगाने का मौका मिलेगा। लोग यहां विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। यह पहल खासकर छोटे व्यापारियों और स्ट्रीट वेंडर्स के लिए आजीविका के नए रास्ते खोलेगी।

योजना के तहत फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग सुविधा भी विकसित की जाएगी, जिससे ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। आमतौर पर ऐसे स्थान उपेक्षित रहते हैं, लेकिन अब इनका सौंदर्यीकरण कर उन्हें सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बनाया जाएगा।

सरकार की यह पहल न केवल शहरी संसाधनों के बेहतर उपयोग का उदाहरण बनेगी, बल्कि समावेशी विकास, रोजगार सृजन और नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में भी एक सकारात्मक कदम साबित होगी।