Movie prime

वाराणसी में शातिर चोरों के गिरोह का खुलासा, 3 गिरफ्तार; 4 लाख की चांदी और 50 हजार नकद बरामद
 

 
वाराणसी में शातिर चोरों के गिरोह का खुलासा, 3 गिरफ्तार; 4 लाख की चांदी और 50 हजार नकद बरामद
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। लंका और भेलूपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बंद मकानों में चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक स्कूटी, सफेद धातु (चांदी) की दो सिल्ली और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सफेद धातु की दोनों सिल्ली की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर सोनकर (21), करन सोनकर (20) और हिमांशू गिरी (19) के रूप में हुई है। तीनों वाराणसी के अलग-अलग इलाकों में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

रविंद्रपुरी में खाली प्लॉट से गिरफ्तारी

पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 1 सितंबर 2026 की रात करीब 1:45 बजे रविंद्रपुरी पेट्रोल पंप के पास खाली पड़े प्लॉट से तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार गिरोह ने रमना की भागवत धाम कॉलोनी, डाफी की श्यामनगर कॉलोनी, भगवानपुर मोड़ की बंगाली कॉलोनी और भेलूपुर की जानकी नगर कॉलोनी में बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी की थी।

चांदी पिघलवाकर बनवा ली सिल्ली

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि डाफी क्षेत्र में चोरी के दौरान उन्हें चांदी के जेवरात और नकदी मिली थी। पकड़े जाने के डर से उन्होंने चांदी के जेवरात एक अज्ञात व्यक्ति से पिघलवाकर उसकी सिल्ली बनवा ली थी। चोरी से मिले सामान को बाद में राहगीरों को बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

कई मुकदमों में आरोपी रहा है समीर

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी समीर सोनकर का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ वाराणसी के लंका, भेलूपुर, रोहनिया, सिगरा और लालपुर-पांडेयपुर थानों के अलावा गाजीपुर के मोहम्मदाबाद थाने में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, घर में घुसकर चोरी, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मामले शामिल हैं।

वहीं, करन सोनकर के खिलाफ भी लंका और भेलूपुर थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। हिमांशू गिरी के खिलाफ भी लंका और भेलूपुर थानों में चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

चार मुकदमों से जुड़ी बरामदगी

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से बरामद नकदी और सामान को लंका व भेलूपुर थानों में दर्ज चार मुकदमों से जोड़ा गया है। बरामदगी में 19 हजार, 2 हजार, 14 हजार और 15 हजार रुपये की रकम शामिल है। इसके अलावा सफेद धातु की एक छोटी और एक बड़ी सिल्ली भी बरामद हुई है।