Movie prime

वाराणसी में 20 मिमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, घाट किनारे मंदिरों तक पहुंचा पानी

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश का असर अब वाराणसी में भी साफ दिखाई देने लगा है। गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग के मिडल गंगा डिवीजन के अनुसार सोमवार सुबह 10 बजे वाराणसी स्टेशन पर गंगा का जलस्तर 61.28 मीटर दर्ज किया गया। नदी का जलस्तर करीब 20 मिलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।

हालांकि फिलहाल गंगा का जलस्तर 70.262 मीटर के चेतावनी स्तर और 71.262 मीटर के खतरे के निशान से काफी नीचे है। इसके बावजूद लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने हालात पर नजर बनाए रखी है। गौरतलब है कि वाराणसी में अब तक का सबसे अधिक बाढ़ स्तर 73.901 मीटर 9 सितंबर 1978 को दर्ज किया गया था।

गर्मी और उमस से लोग बेहाल

सोमवार को शहर में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री अधिक रहा। हवा की रफ्तार महज 2 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि 67 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई। दोपहर बाद शहर के कुछ हिस्सों में बारिश होने से मौसम में हल्का बदलाव जरूर देखने को मिला।

28 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार

मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश पर तेजी से बढ़ रहा है। इसी वजह से 28 जुलाई तक वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल में व्यापक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

अगले तीन दिनों का संभावित मौसम

  • 28 जुलाई: दिनभर बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।

  • 29 जुलाई: रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं। तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे उमस से राहत मिलेगी।

  • 30 जुलाई: हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा।

बारिश के इस दौर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे जाने में सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।