गंगा में नाव पर इफ्तार पार्टी मामले में 8 आरोपियों को जमानत, 59 दिन बाद जेल से मिली राहत
वाराणसी। गंगा नदी में नाव पर बैठकर नॉनवेज पार्टी और इफ्तार आयोजन के चर्चित मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से 8 आरोपियों को बड़ी राहत मिली है। गिरफ्तारी के 59 दिन बाद कोर्ट ने आठ आरोपियों की जमानत मंजूर कर ली, जबकि बाकी 6 आरोपियों की जमानत अर्जी पर अब सोमवार 18 मई को सुनवाई होगी।
इलाहाबाद हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच में जस्टिस राजीव लोचन शुक्ला और जस्टिस जितेंद्र कुमार सिन्हा ने मामले की सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। सबसे पहले दानिश सैफी, आमिर कैफी और नुरुल इस्लाम की ओर से जमानत याचिका दाखिल की गई थी, जबकि अन्य आरोपियों ने बाद में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अदालत सभी 14 आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई कर रही थी।
यह मामला 16 मार्च का है, जब गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी आयोजित किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में रोजेदारों को फल और मेवे के साथ चिकन बिरयानी परोसे जाने की बात सामने आई थी। वीडियो वायरल होते ही भाजपा और हिंदूवादी संगठनों ने इसका विरोध किया।
भाजपा युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर 14 युवकों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद एसीपी कोर्ट से भी आरोपियों को राहत नहीं मिली थी और सभी को जेल भेज दिया गया था।
कोर्ट में पुलिस ने रखी यह दलील
28 अप्रैल को हुई सुनवाई के दौरान पुलिस ने हाईकोर्ट को बताया था कि रोजेदारों ने नाविक का अपहरण कर नाव को हाईजैक किया और बीच गंगा में इफ्तार पार्टी की। पुलिस के मुताबिक नाविक ने पार्टी का विरोध किया था, लेकिन आरोपियों ने उसकी बात नहीं मानी।
पुलिस ने यह भी कहा कि वीडियो और रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने का उद्देश्य “नया संदेश” देना था। वीडियो में मस्जिद और गंगा घाटों को दिखाते हुए कई एंगल से शूटिंग की गई थी। बिरयानी के अलग-अलग वीडियो भी बनाए गए थे।
मदनपुरा के एक ही परिवार से जुड़े हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार नाव पर इफ्तार पार्टी करने वाले सभी युवक वाराणसी के मदनपुरा इलाके के ताड़तल्ला मोहल्ले के रहने वाले हैं और अधिकांश एक ही परिवार से जुड़े हैं। इनमें मोहम्मद अव्वल, मोहम्मद समीर, मोहम्मद अहमद, नूर इस्लाम, मोहम्मद फैजान, आजाद अली, मोहम्मद तहसीम, महफूज आलम, नेहाल अफरीदी, मोहम्मद तौसीफ, आमिर कैफी, मोहम्मद अनस और दानिश सैफी समेत अन्य शामिल हैं। सभी आरोपियों की उम्र 19 से 25 साल के बीच बताई गई है।
