Movie prime

गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अंतिम चरण में, PM मोदी और CM योगी कर सकते हैं उद्घाटन
 

 
 गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अंतिम चरण में, PM मोदी और CM योगी कर सकते हैं उद्घाटन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक स्टेडियम का उद्घाटन एक भव्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के साथ किए जाने की तैयारी है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है।

करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस स्टेडियम का लगभग 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अधिकारियों का दावा है कि अगले दो महीनों में शेष कार्य भी पूर्ण कर लिया जाएगा। स्टेडियम की सबसे बड़ी विशेषता इसकी अनूठी शिव थीम है, जो इसे देश के अन्य क्रिकेट स्टेडियमों से अलग पहचान देती है।

स्टेडियम का मुख्य पवेलियन भगवान शिव के डमरू के आकार में बनाया जा रहा है, जबकि फ्लड लाइट्स त्रिशूल की आकृति में स्थापित की गई हैं। प्रवेश द्वार बेलपत्र की थीम पर आधारित है और छत को अर्धचंद्राकार स्वरूप दिया जा रहा है। स्टेडियम में फिलहाल 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 40 हजार तक किया जा सकेगा। यहां डे-नाइट मुकाबलों के आयोजन की भी पूरी सुविधा उपलब्ध रहेगी।

स्टेडियम निर्माण का सकारात्मक प्रभाव आसपास के गांवों में भी दिखाई देने लगा है। वर्षों से उपेक्षित इस क्षेत्र में अब विकास कार्यों की रफ्तार तेज हो गई है। सड़कों की स्थिति में सुधार हुआ है, बिजली व्यवस्था मजबूत हुई है और स्थानीय कारोबार को नई गति मिली है। बड़ी संख्या में मजदूरों, इंजीनियरों और कर्मचारियों की आवाजाही से दुकानदारों और छोटे व्यापारियों की आय में भी बढ़ोतरी हुई है।

स्थानीय निवासी राहुल सेठ का कहना है कि स्टेडियम बनने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ी हैं और लोगों के लिए रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर पैदा हुए हैं। वहीं अजय कुमार विश्वकर्मा का मानना है कि यह परियोजना आने वाले वर्षों में गंजारी को विकास के नए केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। युवा सोनू पटेल बताते हैं कि पहले जहां कई मार्गों पर चलना मुश्किल था, वहीं अब सड़क और यातायात व्यवस्था काफी बेहतर हो गई है।

गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम न केवल खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि पूर्वांचल के विकास और पर्यटन को भी नई पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।