Movie prime

गाजीपुर में भीषण सड़क हादसा: फोरलेन पर पलटी टूरिस्ट बस, 2 महिलाओं की मौत, 35 यात्री घायल
 

 
गाजीपुर में भीषण सड़क हादसा: फोरलेन पर पलटी टूरिस्ट बस, 2 महिलाओं की मौत, 35 यात्री घायल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

गाजीपुर। जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के नैसारे गांव के सामने वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर बृहस्पतिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डिवाइडर से टकराने के बाद एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 35 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान अन्नपूर्णा देवी (50 वर्ष) निवासी पुणे और सरस्वती देवी (70 वर्ष) निवासी बुलढाणा के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही एएसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हाल जाना।

कैसे हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र के जलगांव से आए श्रद्धालु पहले वाराणसी पहुंचे थे। यहां से टूरिस्ट बस के जरिए वे नेपाल के काठमांडू गए थे। वापसी के दौरान नंदगंज क्षेत्र में नैसारे गांव के पास फोरलेन पर एक बोलेरो को बचाने के प्रयास में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

राहत-बचाव कार्य जारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

नेपाल यात्रा से लौट रहे थे यात्री

बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के जलगांव समेत विभिन्न गांवों के करीब 95-96 लोग दो बसों से यात्रा पर निकले थे। ये लोग वाराणसी और चित्रकूट में दर्शन करने के बाद तीन दिन पहले नेपाल के काठमांडू गए थे और वहीं से लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।