गाजीपुर : CM योगी ने 692 करोड़ की 268 परियोजनाओं का किया लोकार्पण, रामलीला में दंगा करने वालों को दी कड़ी चेतावनी
Ghazipur : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर दौरे के दौरान 692 करोड़ रुपये की 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, विकास और राजनीतिक मुद्दों पर विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी (सपा), पर तीखा हमला बोला।
सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में गरीब का बेटा भी रामलीला का आयोजन करता है और कोई असलहा लहराकर दंगा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि "जो रामलीला में असलहा लहराकर दंगा करेगा, उसे मिट्टी में ही दफन होना पड़ेगा।"

सपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा माफियाओं को संरक्षण दिया और विदेशी आक्रांताओं का महिमामंडन किया। उन्होंने कहा कि पहले माफिया के सामने नाक रगड़ी जाती थी और उनकी कब्र पर फातिहा पढ़ी जाती थी, जबकि वर्तमान सरकार ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाकर माफिया पर सख्त कार्रवाई की है।
उन्होंने कहा कि जनता ऐसे जनप्रतिनिधियों को चुने जो क्षेत्र के विकास की पैरवी करें, न कि अवैध असलहा लाइसेंस बनवाने या गलत लोगों की पैरोकारी में लगे रहें।
'लहुरी काशी' में माफिया की जगह नहीं
गाजीपुर को 'लहुरी काशी' बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पौहारी बाबा, भगवान परशुराम और महर्षि जमदग्नि की तपोभूमि है। ऐसे पवित्र जिले में माफिया संस्कृति का कोई स्थान नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि माफिया समाज का शोषण करते हैं, व्यापारियों में भय पैदा करते हैं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं।
कृष्णानंद राय का किया उल्लेख
सीएम योगी ने पूर्व विधायक कृष्णानंद राय को याद करते हुए कहा कि उन्होंने माफिया के खिलाफ संघर्ष किया था, लेकिन सत्ता के संरक्षण में पल रहे अपराधियों ने उनकी और सात अन्य लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा कि अब माफियाओं को किसी भी कीमत पर संरक्षण नहीं मिलेगा।
गाजीपुर के विकास का खाका रखा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गाजीपुर के बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को मजबूत कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को चंदौली, वाराणसी होते हुए शक्तिनगर तक विस्तारित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज, फोरलेन सड़कें और बेहतर कनेक्टिविटी से जिले के विकास को नई गति मिली है। अब गाजीपुर से लखनऊ, वाराणसी और गोरखपुर की यात्रा पहले की तुलना में काफी आसान हो गई है।

युवाओं, किसानों और महिलाओं के लिए योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा—इन चार वर्गों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बिना सिफारिश और बिना रिश्वत के लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि, ओडीओपी, पीएम विश्वकर्मा योजना, मिशन रोजगार और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
'उपद्रव नहीं, उत्सव का प्रदेश बना उत्तर प्रदेश'
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान दंगे और कर्फ्यू आम बात थी, लेकिन अब प्रदेश 'उपद्रव नहीं, उत्सव' की पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि जो लोग युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करेंगे या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेंगे, उनके लिए "जेल या जहन्नुम ही एकमात्र जगह है।"
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, विधायक बेदीराम, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
