गाजीपुर को 691.74 करोड़ की 268 विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना
गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को मुहम्मदाबाद मंडी समिति मैदान में आयोजित जनसभा के दौरान गाजीपुर जिले को करीब 691.74 करोड़ रुपये की 268 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 83 परियोजनाओं का लोकार्पण और 185 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के साथ-साथ विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने गाजीपुर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सैन्य विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गाजीपुर का इतिहास रामायण काल से जुड़ा हुआ है और भगवान श्रीराम व लक्ष्मण ताड़का वध के लिए इसी क्षेत्र से बक्सर गए थे। उन्होंने गहमर गांव को एशिया का सबसे बड़ा गांव बताते हुए कहा कि यहां 12 हजार से अधिक सैनिक और सेवारत अधिकारी रहते हैं, जिन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद को याद करते हुए कहा कि वे भी गाजीपुर की इसी वीरभूमि के सपूत थे। उन्होंने कहा कि गाजीपुर ने राष्ट्र रक्षा और साहित्य दोनों क्षेत्रों में देश का गौरव बढ़ाया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के सांसद अफजाल अंसारी पर अप्रत्यक्ष हमला बोलते हुए कहा, "जहां के सांसद अवैध शस्त्र लाइसेंस बनवाने में व्यस्त हों, वहां के भगवान ही मालिक हैं।" उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने प्रदेश के वास्तविक नायकों की उपेक्षा की, जबकि उनकी सरकार उन्हें सम्मान दिलाने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए दावा किया कि भाजपा सरकार में अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई हुई है और प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी 27 सीटें भी नहीं जीत पाएगी। प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल ने भी सरकार की विकास योजनाओं की सराहना की।
मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित और शिलान्यास की गई परियोजनाएं स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, सीवर, पर्यटन, खेल और कानून-व्यवस्था से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी। इनमें मेडिकल कॉलेज का नर्सिंग कॉलेज, ड्रग वेयरहाउस, ग्रामीण पेयजल योजनाएं, सड़क चौड़ीकरण, सीवर परियोजनाएं, गंगा तट पर कटानरोधी कार्य, अंधऊ-चौकिया बाईपास, नई पुलिस चौकियां, सिंथेटिक हॉकी मैदान, बहुउद्देशीय क्रीड़ागृह के जीर्णोद्धार तथा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास जैसी परियोजनाएं प्रमुख हैं।
सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से जिले के सभी प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों—सदर, जखनियां, सैदपुर, मुहम्मदाबाद, जमानियां, जहूराबाद और जंगीपुर—को व्यापक विकास का लाभ मिलेगा।
