‘10 लाख दो, वरना जान से मार देंगे’...भोजपुरी गायक रितेश पांडेय से मांगी गई 10 लाख की रंगदारी
वाराणसी। भोजपुरी के चर्चित गायक और अभिनेता रितेश रंजन पांडेय से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। तिलमापुर निवासी रितेश पांडेय की तहरीर पर सारनाथ पुलिस ने पैगंबरपुर निवासी बुलबुल यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को बुलबुल यादव ने रितेश पांडेय को फोन किया और गाली-गलौज करते हुए 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। रितेश पांडेय का कहना है कि फोन पर बुलबुल यादव के साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने भी उन्हें गाली दी और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद से वह काफी डरे हुए हैं।
मामला दर्ज होने के बाद सारनाथ पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है। हालांकि शनिवार रात तक आरोपी का मोबाइल बंद बताया जा रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सारनाथ पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, पैगंबरपुर निवासी बुलबुल यादव का नाम इससे पहले भी रंगदारी मांगने के एक मामले में सामने आ चुका है। उस पर सारनाथ के एक पूर्व थाना प्रभारी को धमकी देने का भी आरोप रहा है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच के साथ आरोपी की तलाश में जुटी है।
गौरतलब है कि रितेश पांडेय भोजपुरी संगीत और फिल्मों में जाना-पहचाना नाम हैं। वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के टिकट पर रोहतास जिले की करगहर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था।
