Movie prime

काशीवासियों के लिए खुशखबरी: बाबा कालभैरव के दर्शन अब बिना लंबी कतार, आधार कार्ड दिखाकर मिलेगा सीधा प्रवेश
 

 
 काशीवासियों के लिए खुशखबरी: बाबा कालभैरव के दर्शन अब बिना लंबी कतार, आधार कार्ड दिखाकर मिलेगा सीधा प्रवेश
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दर्शन के लिए स्थानीय श्रद्धालुओं को अब घंटों लंबी कतार में इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मंदिर प्रशासन ने काशीवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत स्थानीय निवासी आधार कार्ड दिखाकर प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 6 बजे तक सीधे मंदिर में प्रवेश कर बाबा के दर्शन-पूजन कर सकेंगे।

मंदिर प्रशासन के अनुसार यह नई व्यवस्था आगामी सावन माह से लागू होगी। सुबह 5 बजे से 6 बजे तक का समय विशेष रूप से वाराणसी के स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए आरक्षित रहेगा। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय लोगों को भीड़भाड़ और लंबी प्रतीक्षा से राहत देना है।

बाबा कालभैरव मंदिर में यह व्यवस्था श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद की तर्ज पर शुरू की जा रही है। मंदिर के महंत मोहित योगेश्वर ने बताया कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा कालभैरव के दर्शन के लिए वाराणसी पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के चलते मंदिर परिसर में भीड़ का दबाव बढ़ रहा है।

महंत ने कहा कि नई व्यवस्था से स्थानीय श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी और दर्शन व्यवस्था भी अधिक सुगम एवं व्यवस्थित हो सकेगी। सावन के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में यह निर्णय काशीवासियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।