Movie prime

बनारस के युवाओं के लिए खुशखबरी! 40 कंपनियां देंगी नौकरी, जानें कब और कहां लगेगा रोजगार मेला

 
Job
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। वाराणसी में बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तीन दिवसीय बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत विधानसभा क्षेत्रवार रोजगार मेले लगाए जाएंगे। इन मेलों में करीब 40 कंपनियां हिस्सा लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। चयनित युवाओं को 12 हजार से 35 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिल सकता है।

तीन विधानसभा क्षेत्रों में लगेगा रोजगार मेला

रोजगार मेले का आयोजन तीन अलग-अलग स्थानों पर किया जाएगा। इसका कार्यक्रम इस प्रकार है:

3 नवंबर: रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के जगतपुर इंटर कॉलेज, जगतपुर में रोजगार मेला लगेगा।
4 नवंबर: शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के क्रीडेंस इंटरनेशनल स्कूल, उमरहा बाजार (गाजीपुर रोड) में अभ्यर्थियों को नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
5 नवंबर: उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के क्वींस इंटरमीडिएट कॉलेज, लहराबीर में रोजगार मेले का आयोजन होगा।

40 कंपनियां करेंगी भर्ती

इस रोजगार मेले में डिक्सन, मदरसन, कोटक महिंद्रा बैंक, विकास ग्रुप, स्विगी, आईसीआईसीआई बैंक, साटा विकास प्राइवेट लिमिटेड, फ्लिपकार्ट और कृष्णा मारुति सहित लगभग 40 कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इन कंपनियों में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

हाईस्कूल से लेकर डिप्लोमा धारक तक कर सकते हैं प्रतिभाग

सहायक निदेशक (सेवायोजन) मुकेश कुमार के मुताबिक, रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को पद और योग्यता के अनुसार 12,000 से 35,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।

सुबह 10 बजे पहुंचें अभ्यर्थी

रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने बायोडाटा के साथ सुबह 10 बजे संबंधित स्थल पर पहुंचें और इस अवसर का लाभ उठाएं।

नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह रोजगार मेला विभिन्न कंपनियों में अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार पाने का अच्छा अवसर साबित हो सकता है।