महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह शुरू, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया शुभारंभ
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में गरिमामय वातावरण में शुरू हुआ। समारोह का शुभारंभ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का स्वागत किया।
इस वर्ष का दीक्षांत समारोह "विगत एक दशक में भारत की उपलब्धियां : विकसित भारत 2047 की आधारशिला" विषय पर आयोजित किया जा रहा है। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल कर रही हैं, जबकि मुख्य अतिथि कैप्टन बी.के. त्यागी, सीएमडी, शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, मुंबई हैं। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय तथा राज्य मंत्री रजनी तिवारी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद हैं।
दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जा रहे हैं। इस बार मंच से 26 विद्यार्थियों (20 छात्राएं एवं 6 छात्र) को कुल 43 स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें स्नातक एवं स्नातकोत्तर के टॉपर विद्यार्थियों के साथ दो उत्कृष्ट खिलाड़ी सुमित कुमार भारती और अंजलि कुमारी भी शामिल हैं। वहीं, 17 विद्यार्थियों को दो-दो स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से इस वर्ष कुल 63,184 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जा रही हैं। इनमें 49,659 स्नातक, 13,401 स्नातकोत्तर तथा 124 पीएचडी के विद्यार्थी शामिल हैं। कुल उपाधि प्राप्त करने वालों में 22,193 छात्र और 40,991 छात्राएं हैं।
समारोह के शुभारंभ अवसर पर कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध, नवाचार और छात्र हित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।
दीक्षांत समारोह का सीधा प्रसारण विश्वविद्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी किया जा रहा है, जिससे देश-विदेश में मौजूद विद्यार्थी और अभिभावक इस ऐतिहासिक अवसर से जुड़ सकें।
ख़बर अपडेट की जा रही है...
