Movie prime

दीपावली से पहले उज्ज्वला लाभार्थियों को सरकार का तोहफा, वाराणसी में 450 महिलाओं को बांटे गए सब्सिडी के चेक

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। दीपावली के त्योहार पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जुड़ी महिलाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार ने राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार से उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी अभियान की शुरुआत की। इस कार्यक्रम का वाराणसी के सर्किट हाउस स्थित मीटिंग हॉल में सजीव प्रसारण किया गया। इसके बाद आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में 450 उज्ज्वला लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।

..

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा देना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब, कमजोर वर्ग और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। धनतेरस और दीपावली के अवसर पर यह योजना गरीब परिवारों की महिलाओं के लिए किसी उपहार से कम नहीं है।

वहीं, विधायक त्रिभुवन राम ने कहा कि उज्ज्वला योजना ने गरीब परिवारों की महिलाओं को काफी राहत दी है। पहले खाना पकाने के दौरान लकड़ी और दूसरे पारंपरिक ईंधन से निकलने वाले धुएं का सामना करना पड़ता था, लेकिन गैस कनेक्शन मिलने से महिलाओं को धुएं और प्रदूषण से काफी हद तक छुटकारा मिला है।

वाराणसी में 2.69 लाख से अधिक उज्ज्वला कनेक्शन

जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण बल्लभ सिंह ने बताया कि वाराणसी जिले में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत कुल 2,69,923 गैस कनेक्शन जारी किए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सभी पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों को दो मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ दो चरणों में मिलेगा। पहले चरण में अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच एक मुफ्त सिलेंडर रिफिल दिया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में जनवरी से मार्च 2027 के बीच दूसरा सिलेंडर मिलेगा।

आधार बैंक खाते से लिंक होना जरूरी

जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पहले चरण में उन्हीं उज्ज्वला लाभार्थियों को तत्काल योजना का लाभ मिलेगा, जिनका आधार बैंक खाते से लिंक और प्रमाणित है। जिन लाभार्थियों के आधार और बैंक खाते का सत्यापन अभी पूरा नहीं हुआ है, उन्हें भी प्रक्रिया पूरी होने के बाद योजना का लाभ दिया जाएगा।

उन्होंने ऐसे लाभार्थियों से अपील की कि वे अपनी गैस एजेंसी से संपर्क कर आधार को बैंक खाते से लिंक और प्रमाणित करा लें, ताकि सब्सिडी का लाभ मिलने में परेशानी न हो।

 कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु' और हंसराज विश्वकर्मा मौजूद रहे। इसके अलावा विधायक त्रिभुवन राम, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, सेवापुरी विधायक के प्रतिनिधि अदिति पटेल, मंत्री अनिल राजभर के प्रतिनिधि संजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) अमित कुमार भारतीय, उपायुक्त खाद्य ओम प्रकाश, उज्ज्वला योजना के जिला समन्वयक सतीश कुमार, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाएं मौजूद रहीं।