Movie prime

बारिश के बीच निकली भव्य तिरंगा यात्रा, प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने विपक्ष पर साधा निशाना
 

 
 बारिश के बीच निकली भव्य तिरंगा यात्रा, प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने विपक्ष पर साधा निशाना
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

आजमगढ़। स्वतंत्रता दिवस से पहले गुरुवार को आजमगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिले के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में रिमझिम बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं और आम लोगों का उत्साह देखते ही बना। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, होमगार्ड जवानों और नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के माहौल में भाग लिया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत डीएवी इंटर कॉलेज मैदान से हुई। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रभारी मंत्री अनिल राजभर का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और बलिदानियों को नमन किया और देश की आजादी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दोहराया।

अखिलेश और राहुल गांधी पर बरसे अनिल राजभर

तिरंगा यात्रा के दौरान प्रभारी मंत्री ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी आतंकवादी मानसिकता से ग्रसित है और अखिलेश यादव व राहुल गांधी देश तथा समाज के निर्माण में सक्षम नहीं हैं।

मंत्री ने कहा कि देश के खिलाफ काम करने वाली ताकतों से आने वाले धन का इस्तेमाल देश विरोधी गतिविधियों में किया जाता है। केंद्र सरकार ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में काम कर रही है, जबकि विपक्षी नेता इसका विरोध कर रहे हैं।

युवाओं को आजादी का महत्व समझाने पर जोर

अनिल राजभर ने कहा कि देश के युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम, आजादी की कीमत और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश विरोधी ताकतें युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रही हैं। ऐसे में युवाओं में राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करना बेहद जरूरी है।

‘वंदे मातरम’ को लेकर भी दिया बयान

‘वंदे मातरम’ को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिस गीत को स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी की लड़ाई के दौरान गाया, उसका सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसका विरोध करने वालों की मानसिकता पर सवाल उठते हैं। प्रधानमंत्री के निर्देश पर जहां भी ‘वंदे मातरम’ को अनिवार्य किया गया है, उसका स्वागत किया जाना चाहिए।

तिरंगा यात्रा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जयंत सिंह, अखिलेश कुमार मिश्रा (गुड्डू), भाजपा लालगंज अध्यक्ष विनोद राजभर, एमएलसी विक्रांत सिंह ऋषु, राकेश सिंह, राजेश सिंह, जितेंद्र राय समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बारिश के बावजूद तिरंगा यात्रा में उमड़ी भीड़ ने स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।