Movie prime

वाराणसी: हरहुआ में हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी

वाराणसी के हरहुआ चौराहे स्थित हनुमान मंदिर में चोरों ने चारदीवारी फांदकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चांदी का मुकुट, चांदी की आंख और नकदी चोरी हुई। दुर्गा मंदिर में भी प्रयास किया गया। क्षेत्र में बढ़ती चोरी से ग्रामीण आक्रोशित हैं और पुलिस गश्त पर सवाल उठा रहे हैं।

 
हरहुआ में हनुमान मंदिर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: बड़ागांव क्षेत्र के हरहुआ चौराहे पर स्थित हनुमान मंदिर में सोमवार की रात चोरों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। चारदीवारी फांदकर मंदिर परिसर में घुसे चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़कर हनुमानजी की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट, चांदी की आंखें और कुछ नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब पुजारी ने मेन गेट खोलकर अंदर प्रवेश किया और टूटा ताला व बिखरा सामान देखा।

चोरों ने पास ही स्थित दुर्गा मंदिर में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन वहां ताला नहीं टूटने से उन्हें भागना पड़ा। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं, जबकि रात में पुलिस गश्त लगभग न के बराबर है। इससे चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वालों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना प्रभारी अजय मिश्रा और हरहुआ चौकी इंचार्ज अभिषेक राय मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। सिंहापुर के प्रधान अमित सिंह ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले 25 नवंबर को तुलसीपट्टी क्षेत्र में चोर तीन खंभों का एबीसी तार काटकर चुरा ले गए थे। इसके पहले भी दो बार इसी खंभे से तार चोरी हो चुके हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है और पुलिस की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।