शौक पूरा करने के लिए बेचता था हथियार...वाराणसी पुलिस ने युवक को दबोचा, दो पिस्टल और 7 कारतूस बरामद
वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को दो अवैध पिस्टल और सात जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो मैगजीन भी बरामद हुई हैं। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया युवक नितेश पांडेय (22) टेंगरा मोड़ इलाके का रहने वाला है। कार्रवाई रामनगर पीएसी तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान की गई।
बिना हेलमेट तेज रफ्तार में आ रहा था युवक
एडीसीपी काशी Vaibhav Bangar ने बताया कि बीती रात रामनगर पुलिस पीएसी तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बुलेट बाइक आती दिखाई दी, जिसे एक युवक बिना हेलमेट के चला रहा था।
पुलिस ने जब उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से दो पिस्टल बरामद हुईं। पूछताछ में युवक हथियारों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
‘शौक और ऐशो-आराम के लिए करता था असलहों की बिक्री’
कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने शौक और ऐशो-आराम के खर्च पूरे करने के लिए अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करता था। उसने बताया कि वह हथियार बेचने के लिए ही ग्राहक से मिलने गया था, लेकिन ग्राहक नहीं पहुंचा। वापस लौटते समय पुलिस चेकिंग में पकड़ा गया।
मुंगेर से खरीदे थे हथियार
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद पिस्टल बिहार के मुंगेर में बनी हैं। उसने इन्हें करीब एक साल पहले खरीदा था, लेकिन अब तक बेच नहीं पाया था। पैसों की जरूरत पड़ने पर उसने फिर ग्राहक तलाशना शुरू किया था।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह किन लोगों के संपर्क में था और हथियारों की सप्लाई कहां-कहां करता था।
