वाराणसी में इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, विदेश से आने वालों के लिए 21 दिन की मॉनिटरिंग अनिवार्य
इबोला वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए वाराणसी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है। एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। विदेश से आने वालों की 21 दिन तक निगरानी होगी। संदिग्ध मरीज मिलने पर तुरंत आइसोलेशन और सैंपलिंग के निर्देश जारी किए गए हैं।
Varanasi Ebola Alert: इबोला वायरस के बढ़ते वैश्विक खतरे को देखते हुए वाराणसी स्वास्थ्य विभाग ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट समेत पूरे जिले में विदेश से आने वाले यात्रियों की निगरानी तेज कर दी है। खासतौर पर इबोला प्रभावित देशों से लौटने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य कर दी गई है और संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर तुरंत मेडिकल जांच और आइसोलेशन की व्यवस्था की जाएगी।
विदेश से आने वालों के लिए 21 दिन की सेल्फ मॉनिटरिंग जरूरी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इबोला प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों को 21 दिनों तक सेल्फ मॉनिटरिंग करनी होगी। इस दौरान यदि बुखार, कमजोरी, उल्टी, शरीर दर्द या अन्य लक्षण दिखाई देते हैं तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
सीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद ने कहा कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध मरीज के मिलने पर तत्काल आइसोलेशन और सैंपलिंग की व्यवस्था की जाएगी।
WHO की चेतावनी के बाद बढ़ी सतर्कता
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने हाल ही में डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और युगांडा में फैले बुंडिबुग्यो स्ट्रेन के इबोला संक्रमण को अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है।
इसके बाद WHO ने सभी देशों को एयरपोर्ट स्क्रीनिंग, संपर्क ट्रेसिंग और निगरानी बढ़ाने की सलाह दी है। इसी क्रम में भारत में भी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है।
वाराणसी एयरपोर्ट पर थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य
स्वास्थ्य विभाग ने वाराणसी एयरपोर्ट हेल्थ ऑफिसर को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से आने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक संदिग्ध लक्षण मिलने पर यात्रियों के सैंपल पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) भेजे जा रहे हैं। बेंगलुरु में युगांडा से लौटी एक महिला के संदिग्ध मामले के बाद पूरे देश में निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है।
होटल, गेस्ट हाउस और मेडिकल कॉलेजों को भी जारी हुआ अलर्ट
वाराणसी में सिर्फ एयरपोर्ट ही नहीं, बल्कि होटल, गेस्ट हाउस और मेडिकल कॉलेजों में भी इबोला प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संस्थानों को विदेश से आने वाले लोगों की जानकारी रखने और संदिग्ध स्थिति में तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की आम जनता से अपील
सीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क इस्तेमाल करने, नियमित हाथ धोने और बीमारी के लक्षण दिखने पर घर से बाहर न निकलने की अपील की है।
