नौतपा और हीट वेव को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट : वाराणसी में लगा हेल्थ कैंप, 250 ग्रामीणों का हुआ टेस्ट
वाराणसी। नौतपा और लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। जनस्वास्थ्य सुरक्षा के उद्देश्य से रमना स्वास्थ्य केन्द्र एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जनहित में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाइयों का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान लगभग 250 ग्रामीणों का ब्लड प्रेशर, शुगर और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर राजकीय चिकित्सा अधिकारी एवं प्रख्यात सीपीआर विशेषज्ञ डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने ग्रामीणों को हीट वेव यानी लू से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया।
उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, नियमित रूप से ओआरएस घोल का सेवन करने और तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की अपील की। डॉ. द्विवेदी ने कहा कि नौतपा के दौरान बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है। यदि समय रहते सावधानी नहीं बरती गई तो हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
वहीं, आयुष विभाग की ओर से भी पारंपरिक और प्राकृतिक उपायों के माध्यम से गर्मी से राहत पाने और शरीर को स्वस्थ रखने के तरीके बताए गए। लोगों को स्वच्छ पेयजल पीने और संतुलित आहार लेने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डॉ. योगेन्द्र प्रताप यादव, फार्मासिस्ट विजय कुमार, फार्मासिस्ट रवींद्र कुमार सिंह, सीएचओ सुरभि पांडेय, हर्षवर्धन सिंह, समीर यादव सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
