Movie prime

वाराणसी में अगले 3 दिन प्रचंड गर्मी का अलर्ट, 42 डिग्री के पार रहेगा पारा

वाराणसी में भीषण गर्मी और उमस से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आभासी तापमान इससे 5-6 डिग्री अधिक महसूस हुआ। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया है।

 
प्रचंड गर्मी का अलर्ट
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: बादलों की आवाजाही ने रविवार को तापमान बढ़ने की रफ्तार भले ही कुछ हद तक रोक दी, लेकिन उमस और तेज धूप ने लोगों को भीषण गर्मी का अहसास कराया। हालात ऐसे रहे कि वास्तविक तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने के बावजूद लोगों को 5 से 6 डिग्री अधिक गर्मी महसूस हुई। वाराणसी रविवार को बांदा और प्रयागराज के बाद देश के सबसे गर्म शहरों में तीसरे स्थान पर रहा, जबकि रात की गर्मी के मामले में प्रयागराज के बाद दूसरे स्थान पर दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी और लू की स्थिति बने रहने की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि सप्ताहांत तक मौसम में बदलाव की संभावना बन सकती है और हल्की बूंदाबांदी के साथ मानसून की शुरुआती आहट मिल सकती है।

बादलों के बावजूद नहीं मिली राहत

बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार पूर्वी हवाओं की गतिविधि अभी बेहद कमजोर बनी हुई है। पुरवा के प्रभाव से बादलों का एक बड़ा समूह सिंगरौली तक पहुंचा है, लेकिन राजस्थान की ओर से आ रही प्रचंड गर्म पछुआ हवाओं के कारण उसके वाराणसी तक पहुंचने की संभावना फिलहाल कम है।

उन्होंने बताया कि गर्म पछुआ हवा सतह से लेकर लगभग चार किलोमीटर ऊंचाई तक फैली हुई है। इसके कारण वातावरण की गर्मी बाहर नहीं निकल पा रही और निचले स्तर पर ही फंसी हुई है। यही वजह है कि दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी लगातार ऊंचा बना हुआ है।

रात 11 बजे तक चलती रही गर्म हवा

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक रात में भी गर्म हवाओं का असर बना रहा। देर रात 11 बजे तक गर्म हवा चलने से वातावरण में ठंडक नहीं आ सकी और लोगों को रात में भी राहत नहीं मिली। लगातार बढ़ती उमस और गर्मी के कारण लोगों को दिन और रात दोनों समय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक रहा तापमान

रविवार को शहर में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिला। दोपहर के समय बादलों के कुछ टुकड़े दिखाई दिए, जिससे तापमान में मामूली कमी आई। इसके बावजूद अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस अधिक 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आर्द्रता में हल्की कमी जरूर दर्ज की गई और यह 54 प्रतिशत से घटकर 40 प्रतिशत के बीच रही, लेकिन इससे लोगों को विशेष राहत नहीं मिल सकी।

बाबतपुर क्षेत्र में भी बढ़ा तापमान

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बाबतपुर क्षेत्र में भी गर्मी का असर बना रहा। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 1.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि रिकॉर्ड की गई।

सप्ताहांत में बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में गर्मी और लू का प्रभाव बना रहेगा। हालांकि सप्ताहांत तक बादलों की सक्रियता बढ़ने और हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। यदि मौसम प्रणाली अनुकूल रही तो लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है और मानसून की दस्तक का संकेत भी मिल सकता है।