वाराणसी में वोटर लिस्ट से जुड़ी समस्याओं के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर, सुबह 9 से रात 10 बजे तक मिलेगी सुविधा
वाराणसी। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, पता बदलवाने या किसी तरह की गलती सुधारने के लिए अब लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत वाराणसी जिला प्रशासन ने मतदाताओं की मदद के लिए जिला स्तर पर डिस्ट्रिक्ट कॉल सेंटर (DCC) स्थापित किया है। इसके लिए 0542-1950 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक संपर्क कर निर्वाचन संबंधी जानकारी और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया जा सकता है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 17 नवंबर 2026 से चल रहा है। इस दौरान मतदाताओं को नाम जोड़ने, हटाने और सूची में दर्ज जानकारियों में सुधार कराने की सुविधा दी जा रही है।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला स्तर पर कॉल सेंटर बनाया गया है। इसके अलावा लोग निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जाकर भी जरूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं। ECI Net मोबाइल ऐप के माध्यम से भी फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
18 साल की उम्र पूरी होने पर ऐसे जुड़वाएं नाम
जिन युवाओं की उम्र एक जनवरी 2027 को 18 साल पूरी हो रही है और उनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ आयु और पते का प्रमाण तथा नवीनतम रंगीन फोटो लगाना होगा। आवेदन ऑनलाइन या निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा किया जा सकता है।
वोटर लिस्ट में गलती सुधारने के लिए भरें फॉर्म-8
अगर मतदाता सूची में किसी व्यक्ति का नाम, पता, उम्र, लिंग या जन्मतिथि गलत दर्ज है, तो उसे ठीक कराने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। यह फॉर्म ऑनलाइन या संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पास जमा किया जा सकता है।
वहीं, मतदाता सूची में दर्ज किसी नाम या प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 भरने की सुविधा उपलब्ध है।
EPIC नंबर से जान सकेंगे मतदान केंद्र की जानकारी
मतदाता अपनी वोटर आईडी यानी EPIC नंबर के जरिए मतदाता सूची में अपना नाम, भाग संख्या (Part Number), क्रम संख्या (Serial Number) और निर्धारित मतदान केंद्र (Polling Station) की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अलावा वोटर आईडी कार्ड के वितरण में देरी, मतदाता सूची में दर्ज गलतियों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी अन्य समस्याओं की शिकायत भी डिस्ट्रिक्ट कॉल सेंटर पर दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत पर हुई कार्रवाई की स्थिति भी हेल्पलाइन के माध्यम से जानी जा सकेगी।
प्रशासन ने मतदाताओं से की अपील
उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार ने जिले के सभी नागरिकों से SIR अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अपने परिवार और आसपास के पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जरूर जुड़वाएं। साथ ही सूची में दर्ज किसी भी तरह की त्रुटि को समय रहते ठीक कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
काम की जानकारी एक नजर में:
हेल्पलाइन नंबर: 0542-1950
कॉल सेंटर का समय: सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक
नाम जुड़वाने के लिए: फॉर्म-6
नाम या अन्य प्रविष्टि पर आपत्ति के लिए: फॉर्म-7
नाम, पता और अन्य जानकारी में सुधार के लिए: फॉर्म-8
आधिकारिक वेबसाइट: https://voters.eci.gov.in
