Movie prime

एयर शो को लेकर हाई अलर्ट, ऑपरेशन थिएटर से लेकर एंबुलेंस तक रहेंगी तैयार, सुबह 7 बजे से खुलेंगे सभी सरकारी और निजी अस्पताल
 

 
 एयर शो को लेकर हाई अलर्ट, ऑपरेशन थिएटर से लेकर एंबुलेंस तक रहेंगी तैयार, सुबह 7 बजे से खुलेंगे सभी सरकारी और निजी अस्पताल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के एरियल डिस्प्ले-2026 ‘विंग्स ओवर गंगा’ को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री समेत कई वीवीआईपी के आगमन और कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिया है कि 25 अक्टूबर को सुबह सात बजे से जिले के सभी जिला स्तरीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और निजी अस्पताल अनिवार्य रूप से खुले रहेंगे। इस दौरान चिकित्सा सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ऑपरेशन थिएटर से लेकर एंबुलेंस तक रहेंगी तैयार

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, सभी अस्पतालों में ऑपरेशन थिएटर, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और एंबुलेंस पूरी तरह क्रियाशील रखी जाएंगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल प्रबंधन को पर्याप्त संसाधन और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा जरूरत पड़ने पर मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त संख्या में बेड भी आरक्षित रखे जाएंगे, ताकि किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

सीएमओ ने दिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगी जिम्मेदारी तय

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने सभी सरकारी और निजी चिकित्सा संस्थानों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विषम परिस्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित अधिकारी और चिकित्सा संस्थान स्वयं जिम्मेदार होंगे।

नमो घाट पर एयर शो में भारी भीड़ की संभावना

वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में भारतीय वायुसेना के विमानों का हवाई प्रदर्शन आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने का निर्णय लिया है।

स्वास्थ्य विभाग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रधानमंत्री के दौरे और एयर शो के दौरान किसी भी आपात स्थिति में लोगों को बिना देरी के बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।