वाराणसी में हाई वोल्टेज ड्रामा: जमीन विवाद से परेशान युवक BSNL टॉवर पर चढ़ा
वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र में एक युवक जमीन विवाद से परेशान होकर BSNL टॉवर पर चढ़ गया और आत्महत्या की कोशिश करने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम रेस्क्यू में जुटी है। युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
वाराणसी: कैंट थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक बीएसएनएल के टॉवर पर चढ़ गया और आत्महत्या की कोशिश करने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, टॉवर पर चढ़े युवक की पहचान राजेश (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर गांव का निवासी है। वह पारिवारिक रूप से विवाहित है और उसके दो बेटे व एक बेटी हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि राजेश का एक व्यक्ति से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने उससे मोबाइल फोन और लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह काफी देर तक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।
घटना स्थल पर प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मुस्तैदी से डटी रही। प्रशासन की प्राथमिकता युवक को सुरक्षित नीचे उतारना है।
फिलहाल मौके पर रेस्क्यू अभियान जारी है और पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है कि युवक को किसी तरह सकुशल नीचे लाया जा सके। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
