वाराणसी में होमगार्ड का हाई-वोल्टेज ड्रामा, चौकी से अस्पताल तक मचाया उत्पात, Video वायरल
वाराणसी में एक होमगार्ड द्वारा पुलिस चौकी और अस्पताल में जमकर हंगामा करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी उसे काबू करते नजर आ रहे हैं।
चौकी पर शुरू हुआ हंगामा
मामला अर्दली बाजार पुलिस चौकी का है, जहां सरसौली निवासी होमगार्ड सुनील पटेल एक मारपीट के आरोपी की पैरवी करने पहुंचा था। इसी दौरान उसने अचानक हंगामा शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों के समझाने के बावजूद वह शांत नहीं हुआ।
अस्पताल में भी जारी रहा उत्पात
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए राजकीय दीन दयाल अस्पताल ले गई। लेकिन वहां भी उसने हंगामा जारी रखा और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट तक की।
होमगार्ड के इस व्यवहार से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि वह जोर-जोर से भजन गाने लगा और किसी की बात नहीं मान रहा था। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे काबू किया और इमरजेंसी में भर्ती कराया।
परिजनों ने बताई मानसिक बीमारी
पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि सुनील पटेल मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने की कार्रवाई
कैंट पुलिस ने आरोपी का धारा 34 के तहत चालान कर उसे सख्त चेतावनी के साथ परिजनों को सौंप दिया। बताया गया कि सुनील पटेल ACM तृतीय कार्यालय में तैनात है।
चौकी प्रभारी उमा शंकर सिंह के अनुसार, मामला अचानक बिगड़ा, लेकिन समय रहते पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।
