असम CM हिमंता बिस्वा पहुंचे काशी, बाबा विश्वनाथ के दरबार में टेका मत्था
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने वाराणसी पहुंचकर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। इससे पहले उन्होंने मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में पूजा की। विधानसभा चुनाव से पहले उनके इस धार्मिक दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दर्शन के बाद वे बाबतपुर एयरपोर्ट रवाना हो गए।
वाराणसी: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा मंगलवार सुबह धार्मिक नगरी वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
मिर्जापुर में विंध्याचल दर्शन के बाद पहुंचे काशी
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पहले मिर्जापुर पहुंचे थे, जहां उन्होंने विंध्याचल धाम में मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वे सीधे काशी पहुंचे और बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेककर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
दर्शन के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री सरमा सीधे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बाबतपुर के लिए रवाना हो गए।
