वाराणसी में सरदार पटेल जयंती पर निकली विशाल शोभायात्रा, बारिश के बीच गूंजे 'जय-जय सरदार' के नारे
Varanasi : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को सामाजिक एकता मंच के बैनर तले लोहता क्षेत्र में विशाल शोभायात्रा निकाली गई। काशी विद्यापीठ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवेश पटेल के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोग बाइक और कारों के काफिले के साथ शामिल हुए। खराब मौसम और रुक-रुककर हो रही बारिश के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह बना रहा।
कोरौता रामलीला मैदान से शुरू हुई शोभायात्रा के दौरान 'जय-जय सरदार' के नारे गूंजते रहे। यात्रा में शामिल लोगों ने सरदार पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
कोरौता से चांदपुर होते हुए काशी विद्यापीठ ब्लॉक पहुंची शोभायात्रा
शोभायात्रा कोरौता रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर वाराणसी-भदोही मार्ग से चांदपुर तक पहुंची। इसके बाद यात्रा काशी विद्यापीठ ब्लॉक परिसर में जाकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महामंत्री भानु शंकर पटेल डीजे वाहन पर सवार होकर माइक के माध्यम से लोगों को सरदार पटेल के विचारों और राष्ट्रीय एकता के संदेश से अवगत कराते रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर लोहता थानाध्यक्ष अभिजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

सरदार पटेल के विचारों में छिपा है भारत की एकता का मंत्र: प्रवेश पटेल
कार्यक्रम में काशी विद्यापीठ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवेश पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों में भारत की एकता और अखंडता का संदेश निहित है। उन्होंने देश को एक सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भानु शंकर पटेल ने सरदार पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने 562 रियासतों को एकजुट कर देश के एकीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया।
वहीं, सर्वेश पटेल ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन सादगी, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक है। जंग बहादुर पटेल ने उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता का पर्व बताते हुए लोगों से उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में आनंद पटेल, कोरौता ग्राम प्रधान दिनेश पटेल, छितौनी ग्राम प्रधान विजय जायसवाल, प्रमोद पटेल, मनोज पटेल, चंदन पटेल, जर्मन पटेल, विजय राज यादव, धर्मेंद्र मौर्या, गणेश पाल, किशन विश्वकर्मा और महमूदपुर के प्रधानपति इम्तियाज हाशमी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
