Movie prime

वाराणसी में पटाखा निर्माण सामग्री के बड़े स्टॉक का खुलासा,2500 KG अवैध रसायन बरामद, कारोबारी गिरफ्तार

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। वाराणसी के गोला दीनानाथ इलाके में पुलिस ने पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्रियों के बड़े भंडार का खुलासा किया है। थाना कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई में कारोबारी राजू गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। मौके पर 100 कुंतल से अधिक सामग्री की गिनती की जा चुकी थी। बरामद माल की कुल मात्रा और कीमत का आकलन किया जा रहा है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, माल की कीमत करोड़ों रुपये में हो सकती है।

..

जानकारी के मुताबिक, कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोला दीनानाथ क्षेत्र में ड्राई फ्रूट का कारोबार करने वाला राजू गुप्ता कथित तौर पर पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्रियों का बड़े पैमाने पर भंडारण करता है। आरोप है कि यहां से छोटे और मध्यम स्तर के पटाखा निर्माताओं को इन सामग्रियों की आपूर्ति भी की जाती थी।

सूचना के आधार पर पुलिस ने शाम करीब 6:30 बजे मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक कार्रवाई उपनिरीक्षक रवि सिंह, चौकी प्रभारी सप्त सागर के नेतृत्व में की गई। मौके पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के बाद उन्होंने थाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को सूचना दी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी और एसीपी स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी और निर्देशन में आगे की कार्रवाई की गई।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान राजू गुप्ता मौके पर मौजूद मिला, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से बारूद, सल्फर, नीला थोथा, चारकोल, एल्युमिनियम पाउडर, फ्यूज समेत पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली कई तरह की सामग्रियां मिलने की जानकारी सामने आई है।

 100 कुंतल से ज्यादा सामग्री की गिनती

कार्रवाई के दौरान बरामद सामग्री की गिनती और सत्यापन का काम देर रात तक जारी रहा। पुलिस के मुताबिक, अब तक 100 कुंतल से अधिक सामग्री की गणना की जा चुकी थी। हालांकि, बरामदगी की कुल मात्रा, बाजार मूल्य और अन्य विवरणों का अंतिम आकलन किया जाना बाकी है।

आपूर्ति नेटवर्क की भी होगी जांच

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में सामग्री कहां से लाई गई थी, इसके भंडारण से जुड़े दस्तावेज क्या हैं और इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जाती थी। मामले में अन्य व्यक्तियों की संभावित भूमिका और पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

थाना कोतवाली, कमिश्नरेट वाराणसी की ओर से मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। प्रारंभिक सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू करने और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराने में उपनिरीक्षक रवि सिंह, चौकी प्रभारी सप्त सागर की भूमिका अहम रही।