जमीन विवाद में पति ने पत्नी को करंट लगाकर मार डाला, प्राइवेट पार्ट्स पर भी मिले जलने के निशान
रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जमीन के विवाद को लेकर एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि पति ने महिला को करंट लगाया, जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर चोट और जलने के कई निशान मिले हैं। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जमीन बेचने से इनकार पर पत्नी से था विवाद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति इसरार ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल किया है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी नसरीन से उसके मायके से मिली जमीन का एक हिस्सा बेचने को लेकर नाराज था। नसरीन जमीन बेचने के लिए तैयार नहीं थी। उसके परिवार का कहना है कि उसे डर था कि जमीन बेचने के बाद उसके पांच बच्चों का भविष्य आर्थिक संकट में पड़ सकता है।
परिजनों का आरोप है कि जमीन को लेकर इसरार अक्सर नसरीन के साथ मारपीट करता था और उसे जान से मारने की धमकी भी देता था।
शरीर पर मिले चोट और करंट से जलने के निशान
नसरीन की बहन के मुताबिक, कुछ समय पहले जब वह घर आई थी तो उसके चेहरे पर चोट के निशान दिखाई दिए थे। हालांकि, नसरीन ने परिवार के सामने अपने साथ हुई मारपीट के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताया था।
रामपुर के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अनुराग सिंह के मुताबिक, पीड़िता के चाचा की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नसरीन की हत्या में उसके ससुराल पक्ष के अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।
ASP ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नसरीन के शरीर पर करीब छह जगह चोट के निशान मिले हैं। इनमें करंट लगने से हुए जलने के निशान भी शामिल हैं। रिपोर्ट में उसके प्राइवेट पार्ट्स पर भी करंट से जलने के निशान पाए गए हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने आरोपी पति इसरार को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या में आरोपी के अलावा परिवार के अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं। मामले से जुड़े साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
