Movie prime

मैं पापा की प्रिंसेस हूं, लेकिन ससुराल में नहीं मिला प्यार...सुसाइड नोट लिख विवाहिता ने दी जान

 
Hang
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के महादेवपुरम कॉलोनी, लोढ़ान में एक 26 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कमरे से मिले सुसाइड नोट में उसने लिखा— “मेरे मां-बाप ने मुझे बड़े लाड़-प्यार से पाला, लेकिन मुझे वह प्यार ससुराल में नहीं मिला… मैं अपने पापा की प्रिंसेस हूं।” यह शब्द पढ़कर परिजन और पुलिस भी भावुक हो उठे।

मृतका की पहचान काजल राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दहेज प्रताड़ना और पारिवारिक उत्पीड़न से आहत होकर उसने मकान की तीसरी मंजिल के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी।

सुसाइड नोट में पति और ससुराल पक्ष पर आरोप

पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें काजल ने लिखा कि उसके पति के पास उसे देने के लिए “पांच मिनट का भी समय नहीं था” और ससुराल के लोग उसे लगातार नजरअंदाज करते थे। घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

पहले भी दर्ज कराई थी दहेज उत्पीड़न की शिकायत

काजल की शादी 16 नवंबर 2024 को नितेश कुमार सिंह से हुई थी, जो एक बैंक में असिस्टेंट मैनेजर हैं। परिजनों के अनुसार, शादी में करीब 80 लाख रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष कार और अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था।

काजल ने 9 फरवरी को पति नितेश कुमार सिंह समेत ससुराल के छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कराया था। उसने 7 फरवरी को मारपीट कर घर से निकाल देने का भी आरोप लगाया था।

परिजनों का आरोप- बेटी को मानसिक रूप से किया गया प्रताड़ित

काजल के पिता नीरज राय ने शिवपुर थाने में दहेज हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में दामाद नितेश, जेठ विवेक सिंह, अभिषेक सिंह, जेठानी प्रिया, सास कनक लता सिंह, ननद नीतू, अमित, देवर अनूप, नरेंद्र और प्रमिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

परिजनों का आरोप है कि जेठानी ने काजल को करंट लगाकर मारने की कोशिश की थी और दोनों जेठ उसकी ओर गलत नजर रखते थे। काजल ने कई बार फोन पर यह बातें अपने घरवालों को बताई थीं। परिजनों के अनुसार, वह लंबे समय से मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। उसकी कोई संतान नहीं थी।

दरवाजा अंदर से बंद मिला

काजल का मायका चंदौली जिले के सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास शिवगढ़ में है। वह तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके चाचा अंबुज राय ने बताया कि दोपहर से फोन करने पर जब कोई जवाब नहीं मिला तो वे घर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। बाद में पुलिस को सूचना दी गई।

थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।