Movie prime

बाबा दरबार में बढ़ी भीड़ तो तुरंत बदलेगा रूट! काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए वाराणसी पुलिस का खास ब्लूप्रिंट तैयार

काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण कर भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और अतिक्रमण हटाने को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

 
काशी विश्वनाथ मंदिर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा ने मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही भीड़ बढ़ने की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग और अतिरिक्त पुलिस बल पहले से तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए।

लाइन प्रबंधन से लेकर CCTV मॉनिटरिंग तक की समीक्षा

अपर पुलिस आयुक्त ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, लाइन मैनेजमेंट, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और श्रद्धालुओं की आवाजाही की व्यवस्था को बारीकी से परखा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने और हर स्थिति में संयम बनाए रखने की हिदायत दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कंट्रोल रूम, बैरिकेडिंग और मंदिर के प्रवेश-निकास द्वारों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश मौके पर ही दिए गए।

गेट नंबर-4 से मैदागिन तक पैदल गश्त

निरीक्षण के बाद शिवहरी मीणा ने मंदिर के गेट नंबर-4 से मैदागिन चौराहे तक पैदल गश्त कर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण, ठेला-खोमचा और अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ई-रिक्शा और ऑटो के कारण होने वाली यातायात अव्यवस्था को नियंत्रित करने पर भी जोर दिया गया। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, मोबाइल पेट्रोलिंग बढ़ाने और लगातार पैदल गश्त करने के निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने की अपील

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा नियमों और यातायात व्यवस्था का पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के लिए भी कहा गया है। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त सुरक्षा अनिल कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।